भाजपा के लिए मुसीबत खड़ी करेंगे मनोहर पर्रिकर के बेटे!
बिना टिकट ही शुरू कर दिया था घर-घर मांगने का प्रचार
जन संदेश न्यूज नेटवर्क
पणजी: गोवा विस चुनाव में पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर के टिकट को लेकर बात फंसती दिख रही है। भाजपा की ओर से उनके टिकट को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है और न ही उन्हें कोई भरोसा दिया गया है लेकिन इस बीच उत्पल पर्रिकर ने पणजी सीट से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। ऐसे में यदि अब उन्हें टिकट नहीं मिलता है तो फिर उत्पल पर्रिकर और भाजपा के बीच खींचतान की स्थिति देखने को मिल सकती है। पणजी विस सीट से टिकट के लिए उत्पल पर्रिकर लॉबिंग करते दिख रहे हैं। इसी सीट से उनके पिता मनोहर पर्रिकर दो दशक तक विधायक रहे हैं। राज्य के पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर की गोवा में बहुत लोकप्रियता रही है। वह रक्षा मंत्री के तौर पर भी काफी चर्चित हुए थे।
पणजी सीट को लेकर गोवा के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस के एक बयान के बाद से ही चर्चा तेज है। फडणवीस ने कहा था कि यदि कोई मनोहर पर्रिकर या किसी और नेता का बेटा है तो सिर्फ इतने से वह भाजपा के टिकट का हकदार नहीं होता। इस बीच उत्पल पर्रिकर पणजी में डोर-टू-डोर कैंपेनिंग करते नजर आए। यही नहीं मतदाताओं से वह कहते दिखे कि चुनाव में उन्हें ही वोट करें। यही नहीं एक इंटरव्यू में उत्पल पर्रिकर ने यह भी कहा था कि जिस
तरह की भ्रष्टाचार की राजनीति राज्य में हो रही है, उसे देखते हुए मैं चुप नहीं बैठूंगा।
देवेंद्र फडणवीस के बयान के बारे में पूछने पर उत्पल ने कहा था, गोवा में जिस तरह की राजनीति हो रही है, उसे मैं सहन नहीं कर सकता। यह मेरे लिए स्वीकार्य नहीं है। क्या वे कहना चाहते हैं कि जिताऊ होना ही मुख्य बात है। ईमानदारी और स्वच्छ छवि जैसी कोई बात ही नहीं है। चरित्र मायने नहीं रखता? क्या आप ऐसे व्यक्ति को टिकट देने जा रहे हैं जिसका आपराधिक इतिहास है और मैं चुप बैठ जाऊंगा? पणजी सीट से फिलहाल अतानासियो मोनसेराट विधायक हैं जो 2019 में कांग्रेस को छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए थे। अतानासियो का ही विरोध करते हुए उत्पल पर्रिकर ने कहा कि यदि मौजूदा विधायक को ही पार्टी फिर से उतारती है तो वह चुप नहीं बैठेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें