दो अध्यापक आपराधिक मामला दर्ज होने के कारण निलंबित

 दो अध्यापक आपराधिक मामला दर्ज होने के कारण निलंबित

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

कैथल: बिजली समस्या को लेकर उपायुक्त आवास का घेराव करने के मामले में किए गए प्रदर्शन में शामिल दो अध्यापकों को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। इस बारे में शिक्षा विभाग के निदेशक ने एफआईआर दर्ज होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। इस मामले में संज्ञान लेते हुए निदेशालय की तरफ से दोनों अध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए अध्यापकों में गांव जाखौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत संस्कृत अध्यापक जयदेव व गांव कुतुबपुर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में कार्यरत बिजेंद्र सिंह शामिल हैं। इसी मामले में उपायुक्त के कैंप कार्यालय में कार्यरत एक लिपिक राम करण को भी लापरवाही के चलते निलंबित किया जा चुका है। इस बारे में अनिल शर्मा जिला शिक्षा अधिकारी कैथल ने बताया कि दोनों के निलंबन के बारे में शिक्षा विभाग के मुख्यालय से उन्हें एक पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें दो अध्यापकों पर आपराधिक मामला दर्ज होने का हवाला देकर इन्हें निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके बाद विभाग ने मुख्यालय के आला अधिकारियों के आदेशों को मानते हुए संस्कृत अध्यापक जयदेव व बिजेंद्र सिंह को निलंबित किया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo