शिक्षा जगत के एक अध्याय की अंतिम यात्रा पर उन्हें श्रद्धांजलि देने उमड़ा सारा इलाका

संगरिया -असंख्य लोगों के प्रेरणा स्रोत, महान शिक्षाविद् , स्वामी केशवानंद जी के घनिष्ठ सहयोगी, त्याग, सेवा, समर्पण और साधना की प्रतिमूर्ति आदरणीय सरदार शेर सिंह जी अपनी सांसारिक यात्रा पूर्ण कर 8 फ़रवरी 2022 को अनंत में विलीन हो गए। 4 फ़रवरी 1923 को जन्मे सरदार शेर सिंह ने स्वामी केशवानंद जी के सानिध्य में रहकर तथा कई वर्षों तक ग्रामोत्थान विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के रूप में कार्य करते हुए शिक्षा जगत में नए आयाम स्थापित किए।

ग्रामोत्थान विद्यापीठ संगरिया के अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला व सचिव एडवोकेट श्री सुखराज सिंह सलवारा के शोक संदेश को शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र कुमार सहारण ने शोक संतप्त परिवार को पढ़कर सुनाया व उनकी ओर सेश्रद्धा सुमन अर्पित किए।

स्वामी केशवानंद स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रहे सरदार शेर सिंह जी को वर्तमान अध्यक्ष जस्टिस जगत सिंह ज्याणी, महासचिव श्री हेमराज गोदारा, सचिव श्री मनीराम तरड़ सहित सभी सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।



प्रबंध समिति ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सदस्य श्री सीताराम जी सोमानी, सदस्य गण तथा संगरिया शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शिक्षा जगत की महान विभूति को अंतिम विदाई दी।

ग्रामोत्थान विद्यापीठ के विभिन्न विभागों ने शव यात्रा को पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की इनमें शिक्षा महाविद्यालय व गृह विज्ञान महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र कुमार सहारण , स्वामी केशवानंद ग्रामोत्थान विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रो दर्शन सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के चीफ साइंटिस्ट डॉ अनूप कुमार, एसकेएम स्कूल के प्रधानाचार्य श्री एस के मुरारी, ग्रामोत्थान विद्यापीठ बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती स्नेह लता गाबा, ग्रामोत्थान विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार राव सहित संस्था के पूर्व प्राचार्य, शिक्षक गण व स्टाफ के सदस्यों ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

स्वामी केशवानंद ग्रामोत्थान विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री आदित्य पाल सिंह हैं जो कि सरदार शेर सिंह जी के सुपौत्र हैं के डबवाली रोड स्थित आवास से शव यात्रा ग्रामोत्थान विद्यापीठ के विभिन्न विभागों के रास्ते होते हुए संगरिया के मुख्य मार्गों से गुजरी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य, छात्रों व स्टाफ ने पुष्प वर्षा कर सरदार शेर सिंह को विदाई दी । श्री राम मंदिर के आचार्य श्री देवानंद जी शास्त्री ने अपने शिष्यों के साथ दिवंगत आत्मा को पुष्प अर्पित किए। राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित पूरे स्टाफ ने भी फूल बरसा कर श्रद्धांजलि दी।

नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष व कई पार्षद गण भी सरदार शेर सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।



संगरिया के सैकड़ों लोगों के हुजूम ने शव यात्रा को पुष्प अर्पित कर उनके कार्यों को याद किया तथा अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo