जन संदेश न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़: विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के लिए अमरिंदर सिंह ने पूरी तरह से गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। कैप्टन ने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री पद से हटने से पहले पार्टी की स्थिति पंजाब में बेहतर थी। कांग्रेस कार्य समिति की ओर से पांच राज्यों में पार्टी की हुई हार की समीक्षा करने के एक दिन बाद सिंह का यह बयान आया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और 'भ्रष्ट' चरणजीत सिंह चन्नी पर कटाक्ष किया। मालूम हो कि सिंह की जगह चन्नी पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे।
सीएम पद से हटने के बाद अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी पार्टी 'पंजाब लोक कांग्रेस' बनाई। सिंह ने पंजाब में कांग्रेस की हार का दोष उन पर डालने की कोशिश करने के लिए सीडब्ल्यूसी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा वे दोष मढऩे के बजाय अपनी गलतियों को स्वीकार करें। कांग्रेस न केवल पंजाब में बल्कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी हार गई है और पार्टी की शर्मनाक हार के लिए गांधी परिवार पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। कैप्टन ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि देश भर में लोगों का गांधी परिवार के नेतृत्व पर से विश्वास उठ चुका है।
कांग्रेस ने पंजाब में उसी दिन कब्र खोद ली जब...
पंजाब विस चुनाव में कांग्रेस को केवलमात्र 18 सीटें ही मिली और 'आप' ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीट हासिल कीं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर कई वरिष्ठ नेता पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह और राज्य में खराब प्रदर्शन के लिए नवजोत सिद्धू के पार्टी विरोधी बयानों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सीमावर्ती राज्य में उसी दिन अपनी कब्र खोद ली थी, जब उसने नवजोत सिद्धू जैसे अस्थिर और आडंबरपूर्ण व्यक्ति का समर्थन किया और चुनाव से कुछ महीने पहले चरणजीत सिंह चन्नी जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री के रूप में नामित करने का फैसला किया।
कैप्टन ने कहा कि सीडब्ल्यूसी के जो नेता यह दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार के खिलाफ मजबूत सत्ता विरोधी लहर थी, वे इस बात को आसानी से भूल गए कि उन्होंने 2017 के बाद से पार्टी के लिए हर चुनाव जीता था जिसमें फरवरी 2021 में नगर निकायों के चुनाव भी शामिल थे। ये नेता सिर्फ चापलूस हैं जो दूसरों पर दोष मढ़कर परिवार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और दीवार पर लिखी इबारत को लेकर आंखें बंद कर रहे हैं। मौजूदा व्यवस्था में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें