फर्जी डॉक्टरों के सहारे अस्पताल में किए जा रहे थे ऑप्रेशन

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

गुरुग्राम: पचगांव में चल रहे फर्जी अस्पताल का सीएम फ्लाइंग ने भंडाफोड़ किया है और यहां से एक्सपायर दवाइयों की खेप, डॉक्टरों के फर्जी स्टांप व इलाज संबंधी अधूरे दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। थाना बिलासपुर ने चार लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। कासन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के डॉ. संदीप ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पिछले कई महीनों से पचगांव की मैन मार्केट में बिट्टू यादव नाम का एक व्यक्ति अस्पताल चला रहा है। सूचना पर सीएम फ्लाइंग ने यहां छापेमारी की।

इंस्पेक्टर सुरेश कुमार के नेतृत्व में टीम के साथ मानेसर और कासन के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर व पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे। छापेमारी के दौरान पता चला कि यहां गर्भवती महिलाओं के अलावा अन्य मरीजों के लिए ऑप्रेशन थियेटर बनाया गया था। डॉक्टर की सीट पर जींद के नंदगढ़ गांव निवासी सोनू कुमार मिला। जबकि अस्पताल संचालक गांव बाघनकी निवासी बिट्टू यादव दस नर्सिंग व गैर मेडिकल कर्मियों के साथ मौजूद था। टीम ने जब सोनू से उसकी डॉक्टरी की डिग्री व चिकित्सा संबंधी दूसरे सर्टिफिकेट मांगे तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने टीम को बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज डॉ़ धर्मेंद्र द्वारा भी किया जाता है, टीम ने डा. धर्मेंद्र को फोन करके अस्पताल बुलाया। उन्होंने बताया कि मरीजों के इलाज की फाइलों में उसके कोई हस्ताक्षर नहीं हैं बल्कि पिछले दो माह से वह इस अस्पताल में नहीं आ रहा है। टीम ने पाया कि अस्पताल में बिना महिला डॉक्टरों के गर्भवती महिलाओं की सामान्य व सीजेरियन डिलीवरी भी करवाई जाती है। बिना सर्जन के मरीजों की सर्जरी की गई है। सभी मरीज डॉक्टर धर्मेंद्र के नाम पर ही भर्ती किए गए और फाइलों के अंदर दूसरे डॉक्टरों के हस्ताक्षर पाए गए हैं।

कासन पीएचसी के डॉक्टर संदीप के अनुसार, अस्पताल में मौके पर कोई डॉक्टर नहीं मिला, वास्तव में यह अस्पताल फर्जी डॉक्टरों के सहारे चलाया जा रहा था। पुलिस ने बिट्टू यादव, महेश कुमार, डॉक्टर धर्मेंंद्र व सोनू कुमार के खिलाफ थाना बिलासपुर में विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 सीएम फ्लाइंग दस्ते ने की प्रतिबंधित दवाइयां बरामद

चरखी दादरी: सीएम फ्लाइंग व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से लाखों रुपये की प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। ड्रग विभाग की टीम ने दवाओं को जब्त कर लिया है और पुलिस को शिकायत देते हुए जांच शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान शहर के अन्य मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर फरार हो गए। सीएम फ्लाइंग को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाइयां बेची जा रही हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo