गरीब कल्याण सम्मेलन व किसान सम्मान निधी का हस्तांतरण


संगरिया- कृषि विज्ञान केन्द्र, ग्रामोत्थान विद्यापीठ, संगरिया के तत्वाधान में ‘गरीब कल्याण सम्मेलन’ किसान मेला का आयोजन किया गया। जिसमें देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शिमला से देशवासियों को सम्बोधित किया। उन्होंनें भारत सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। देश के किसानों को प्रदान की जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11 वीं किस्त के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक राशि का हस्तांतरण किया गया।


इसी अवसर पर एक कृषि तकनीकी सत्र का आयोजन भी किया गया। जिसमें नाबार्ड, हनुमानगढ़ के जिला विकास प्रबन्धक दयानन्द काकोडिया ने किसानों व कृषि स्नातकों के लिये भारत सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, गंगमूल डेयरी के पी एण्ड आई बलवन्तराय ने किसानों के लिये डेयरी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के पूर्व विभागाध्यक्ष कीट विज्ञान डाॅ. जोगेन्द्र सिंह ने कपास के कीट प्रबन्धन विशेषकर गुलाबी सूण्डी के प्रबन्धन पर व्याख्यान दिया। कृषि विज्ञान केन्द्र बटिण्डा के पूर्व उप निदेशक डाॅ. जितेन्द्र सिंह बराड़ ने खरीफ फसलों विशेष कर नरमा कपास की शस्य क्रियाओं व पोषण प्रबन्धन पर विशेष व्याख्यान दिया। डाॅ. संतोष झाझड़िया ने मंच संचालन के साथ साथ महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। कृषि अनुसंधान अधिकारी (पादप रोग) डाॅ. रंगपाल सिंह डांगी ने खरीफ फसलों के प्रमुख रोग व उनकी रोकथाम पर विशेष चर्चा की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डाॅ. उमेश कुमार ने समन्वित कीट प्रबन्धन से किसानों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमला गोदारा, उप प्रधान पंचायत समिति, संगरिया रहीं। ग्रामोत्थान विद्यापीठ संगरिया की निदेशिका सन्तोष अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. सुरेन्द्र सहारण ने सभी सम्मानित अतिथियों व कृषक समुदाय का स्वागत किया तथा ग्रामोत्थान के लिये आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। डाॅ. चन्द्रशेखर शर्मा ने सभी को किसान मेला सफल बनाने में योगदान देने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस कार्यक्रम में 1130 कृषकों, कृषक महिलाओं प्रसार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया व 40 कृषि आदान प्रदाताओं द्वारा कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया जिनमें नवीनतम कृषि तकनीकी व कृषि आदानों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के डाॅ. महावीर कस्वां, डाॅ. मुकेश कुमार, डाॅ. प्रदीप कुमार, आन्न्द प्रकाश, रविन्द्र कुलड़िया, संदीप कुमार ने अपनी सक्रिय भागीदारी दी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo