जन संदेश न्यूज नेटवर्क
घरौंडा: किसान यूनियन ने अग्निपथ के विरोध में बसताड़ा टोल प्लाजा पर पहुंचकर धरना/प्रदर्शन करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं के अनुसार, केंद्र व प्रदेश सरकार युवाओं के साथ गलत कर रही है। किसानों के लिए बनाए गए 3 कानूनों की तरह अब सरकार शिक्षित युवाओं का शोषण करने पर लगी हुई है। सरकार इस काले कानून को भी वापस ले या इसमें युवाओं के हित के लिए कोई संशोधन करे, नहीं तो किसान यूनियन दोबारा सडक़ पर आकर धरने, प्रदर्शन शुरू कर देगी।
अग्निपथ के विरोध में भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ग्रुप ने ऐलान किया था कि वे सभी टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन करके टोल फ्री करवाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट करेंगे। सोमवार को किसान नेता गुरजंट सिंह की अध्यक्षता में करीब दो दर्जन किसान बसताड़ा टोल प्लाजा पर पहुंच गए और उन्होंने वहां धरना, प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। डीएसपी मनोज कुमार की अध्यक्षता में किसानों के साथ हुई बातचीत के बाद किसान टोल फ्री करवाने में नाकामयाब रहे लेकिन किसानों ने टोल प्लाजा के ही एक बूथ पर धरना, प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ करीब 2 घंटे तक नारेबाजी अवश्य की। किसान नेता गुरजंट सिंह का कहना है कि केंद्र व प्रदेश सरकार अग्निपथ के जरिए शिक्षित युवाओं को फौज की नौकरी से बाहर करना चाहती है लेकिन भारतीय किसान यूनियन ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि अब यह शुरुआत हो चुकी है और इसको बड़े स्तर पर ले जाने के लिए जींद में किसानों ने एक महापंचायत बुलाई है जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा। उसके बाद रोहतक में भी एक बड़ी पंचायत कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि अग्निपथ के विरोध में आज पूरे भारत बंद को लेकर हरियाणा में भी कई जगह पर किसान यूनियन द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जो काफी हद तक सफल रहे हैं।
भाकियू ने रखा टोल प्लाजा फ्री
पिहोवा: अग्निपथ योजना के विरोध में भाकियू ने थाना टोल प्लाजा पर जाकर धरना दिया और टोल फ्री रखा। इस मौके पर किसान यूनियन के प्रवक्ता के अनुसार, सरकार ने जो अग्निपथ योजना लागू की है, वह युवाओं के हित में नहीं है। सरकार इस योजना को तुरंत वापस ले तथा युवाओं की सेना के लिए खुली भर्ती शुरू करे।
युवाओं ने किया विरोध
टोहाना: भारत की जनवादी नौजवान सभा व अन्य जनसंगठनों के आह्वान पर सरकार की अग्रिपथ योजना के विरोध में युवाओं ने फतेहाबाद के अनाज मंडी में इक्कठे होकर रोष प्रदर्शन किया। युवा रोष प्रदर्शन करते हुए जीटी रोड़ से होते हुए लालबत्ती चौक पहुंचे और रोड जाम करके सरकार के विरोध में नारेबाजी की। रोष प्रदर्शन की अगुआई बादल, हनुमान, देव, नरेद्र, शहनवाज, संदीप कुमार ने की।
जन संघर्ष मंच ने किया प्रदर्शन
कुरुक्षेत्र: भारतीय सेना में अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में जन संघर्ष मंच हरियाणा ने पुराना बस अड्डा थानेसर पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राज्य प्रधान काव फूल सिंह तथा महासचिव सुदेश कुमारी ने किया। मंच के नेता फूल सिंह, सुदेश कुमारी, उषा कुमारी, चंद्र रेखा व मनरेगा मजदूर यूनियन के जिला प्रधान मेवाराम ने मोदी सरकार द्वारा सेना में सैनिकों की चार साल के लिये भर्ती हेतु लाई गई। अग्निपथ योजना की कड़े शब्दों में निंदा की और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
अग्निवीर योजना का विरोध, ज्ञापन
शाहाबाद मारकंडा: शाहाबाद के युवाओं ने धरना देकर अग्निपथ अग्निवीर योजना का विरोध किया और इस भर्ती को वापस लेने के लिए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। खरींडवा निवासी रोबिन, यारा निवासी वंश, रितिक, हिमांशु विशाल ढंगाली, मनदीप खरींडवा सहित अनेक युवाओं ने लाडवा पुल के नीचे धरना दिया और कहा कि वह पिछले कई सालों से सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे थे जो कि पिछले दो साल से कोरोना के कारण सेना की कोई भर्ती नहीं हुई जबकि नई भर्ती अब सरकार द्वारा नई नीति अग्निपथ अग्निवीर द्वारा करवाई जाएगी जिससे सभी युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि यह भर्ती युवाओं के भविष्य के लिए बिल्कुल खिलाफ है इसलिए यह धरना दिया है।
नेशनल हाईवे किया जाम
कैथल: अग्निपथ योजना के विरोध में बुलाए गए भारत बंद का कैथल में मिलाजुला असर रहा। प्रदर्शन में युवाओं का साथ किसान नेताओं व एसएफआई के छात्रों ने भी दिया। कैथल में अग्निपथ योजना के विरोध में किसानों ने हनुमान वाटिका चौक पर हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे जाम किया। करीब दो घंटे तक युवाओं ने सडक़ के चारों ओर एकत्रित होकर रास्ता रोककर रखा। जाम के दौरान मौके पर डीएसपी अभिमन्यु गोयत, सिविल सतीश कुमार, शहर थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जाम के दौरान कुछ युवाओं ने बस स्टैंड में घुसने का प्रयास कियाए परंतु मौके पर ही गेट को बंद कर दिया गया। युवाओं का कहना है कि सरकार ने सेना में भर्ती के लिए चार साल में ही रिटायर्डमेंट करने का ऐलान कर दिया है। चार साल के बाद युवा बेरोजगार हो जाएंगे तो फिर भविष्य में वह क्या करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन के महेन्द्र सिंह ने युवाओं के आंदोलन का समर्थन किया। जाम के यातायात प्रभावित रहा। बसों के रूट में बदलने पड़े। कुछ लोग घंटों जाम में फंसे रहे। प्रदर्शनकारी युवाओं ने मोटरसाइकल सवारों को भी नहीं निकलने दिया। पुलिस प्रशासन ने करनाल, जींद, दिल्ली, असंध की ओर जाने वाली सभी बसों को रास्ता बदलकर निकाला। कई लोगों के साथ प्रदर्शनकारियों की नोक.झोंक भी हुई। उधर, प्रदर्शनकारियों ने रास्ते से गुजर रही एम्बुलेंस को रास्ता दिया।
भारतीय किसान यूनियन ने बसताड़ा टोल प्लाजा पर 3 घंटे का धरना, प्रदर्शन कर टोल फ्री चलाने का ऐलान किया था। इसके मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद था। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।
युवाओं ने लगाया जाम
नारनौंद: अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने हांसी-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही यह योजना वापस नहीं ली तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
जाम के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे पहले रविवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने एकत्रित होकर नारनौंद के नये बस स्टैंड के सामने सडक़ पर लकडिय़ां डालकर उसे जाम कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और और युवाओं को समझाने की कोशिश की।सूचना पाकर डीएसपी व एसडीएम विकास यादव भी पहुंचे। इस दौरान युवाओं में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारियों के सामने मांग रखी कि जब तक सरकार अग्नीपथ योजना को वापस मिलेगी जब तक युवाओं का प्रदर्शन जारी रहेगा। अधिकारियों के समझाने के बाद युवाओं ने जाम को खोला। उसके बाद सभी युवा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड से उपमंडल परिसर में पहुंचे और उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम विकास यादव ने बताया कि हमारी युवाओं से अपील है कि वह शांति का दान दे और जो भी उनकी मांग है। उसके लिए वह ज्ञापन दें उनके ज्ञापन को सरकार तक पहुंचा दिया जाएगा। जाम लगाना किसी समस्या का समाधान नहीं है।
संसद में करायी जाये बहस-
सफीदों -भारतीय सेना के रिटायर्ड ऑर्थो सर्जन एवं पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ़ मेजर गुलशन गर्ग ने रविवार को कहा कि अग्निपथ योजना न तो देश के हित में है और न ही बेरोजगारों के हित में। सेना में चार साल सेवा दे चुके अग्निवीरों को सुरक्षा बलों की भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण कराने की केंद्र सरकार की बात ढकोसला ही है क्योंकि अब भी भर्तियां ही नहीं की जा रही हैं तो आरक्षण की सुविधा का लाभ भी क्या है। इस योजना को सरकार को रद्द करना चाहिए या फिर इस योजना पर संसद में बहस कराए या इसको बेरोजगारों के हित में सुधार कर फिर लागू किया जाना चाहिए।
सतरोल खाप ने आंदोलन की दी चेतावनी
सतरोल खाप के युवा प्रधान मुकेश लोहान ने बताया कि सरकार की अग्निपथ योजना का खाप विरोध करती है। सरकार को तुरंत प्रभाव से इस योजना को वापस लेना चाहिए। अगर सरकार ने इस योजना को वापस नहीं लिया तो सतरोल खाप बड़े सत्र पर आंदोलन करने पर मजबूर होगी।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें