मूलभूत असुविधाओं के चलते ग्रामीण/शहरवासी परेशान

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

घरौंडा: मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर ग्रामीण लोग संबंधित जिम्मेवारों से गुहार लगा चुके है लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। कच्ची गलियां, अधूरी नालियां और चरमराई सफाई व्यवस्था ने डेरा संजय नगर के ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। पानी की निकासी न होने से गंदगी से अटी नालियां ओवरफ्लो हो चुकी है लेकिन इनकी सुनने वाला न शासन है और न ही प्रशासन। 

पंचायत और प्रशासन द्वारा गांव की अनदेखी ग्रामीणों में रोष का कारण बनी हुई है। प्रदेश सरकार विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रही लेकिन डेरा संजय नगर जैसे गांवों तक विकास आधा अधूरा ही पहुंचा है। आज भी गलियां कच्ची है, नालियां ओवरफ्लो हो चुकी हैं, ठेकेदार द्वारा नई गलियां तो बना दी हैं लेकिन पानी की निकासी के लिए नालियां बनानी भूल गए। अगली गली का लेवल ऊंचा उठाकर ठेकेदार ने दूसरी गलियों और नालियों का लेवल डाउन कर दिया जिससे पानी की निकासी अटक गई। दूसरा, पानी की निकासी के लिए गांव के नजदीक कोई तालाब भी नहीं है जिससे गंदे पानी का आलम है। ग्रामीणों के अनुसार, वे बीडीपीओ कार्यालय में भी अपनी समस्या लेकर जा चुके है और सरपंच से भी गुहार कर चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या का कोई काम नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने चेताया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान नहीं होता है तो आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी।

डेरा संजय नगर के निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि अक्षय सैनी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गांव की दो गलियों व नालियों का काम अधूरा पड़ा है। जिसकी वजह से पानी की निकासी में समस्या आ रही है। इसके अलावा पानी की निकासी के लिए यहां पर तालाब भी नहीं है। गलियों के संबंध में बीडीपीओ से भी बात की गई थी, जिन्होंने जल्द ही काम पूरा करवाने का आश्वासन दिया है।


निर्माण कार्य में पिल्ली ईंटें, प्रदर्शन

पानीपत: कुराड गांव स्थित महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती में जाने वाले रास्ते का निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। वहीं बस्ती के लोगों ने ठेकेदार पर निर्माण कार्य में पिल्ली ईटें व घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। बस्ती निवासी राजा राम, राजबीर, कर्मा, सूरजभान, महाबीर फौजी, बलिंद्र कशयप, मधु, बिमला, गीता और शांति आदि के अनुसार, ड्रेन नंबर दो से गांव कुराड़ जाने वाली सड़क पर महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती में जाने वाले रास्ते का निर्माण कार्य चल रहा है। ठेकेदार द्वारा यह रास्ता करीब 13.50 लाख रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। बस्ती वासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से मिलीभगत करके ठेकेदार पिल्ली ईंटें लगा रहा है।

बस्ती वासियों ने कहा कि यदि उनकी समस्या का जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो वे बीडीपीओ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। इस बारे में ठेकेदार परमिंद्र का कहना है कि बस्ती के लोगों के आरोप निराधार है। हालांकि गलती से एक चक्कर ईंटों का आ गया था और वह उसको वापस भेज रहा है।

शराब के ठेके का विरोध, प्रदर्शन

इधर, पानीपत के सेक्टर-18 में शराब का ठेका खोलने के विरोध में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों व सेक्टरवासियों ने रोष प्रदर्शन किया। यहां पर किसी भी हालत में शराब का ठेका खुलने नहीं दिया जाएगा और इसके विरोध में सोमवार को उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि फिर भी समस्या का समाधान नहीं होता तो इसी शराब के ठेके के बाहर सेक्टरवासी अनिश्तिकालीन धरना देने पर मजबूर होंगे। सेक्टर-18 के प्रधान के अनुसार, यहां पर कुछ भी नहीं था और रविवार को सुबह देखा कि शराब का ठेका रात ही रात में ही बनाकर तैयार कर दिया गया। यहां पर खेल ग्राउंड है और लड़के व लड़कियां भी खेलने के लिये आते हैं।

स्थानीय सेक्टर वासी पार्क में सैर करने के लिये आते है और शराब का ठेका खोले जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सेक्टर वासियों द्वारा शराब ठेके का विरोध करने की सूचना मिलने पर सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी ने भी ठेका हटाने को लेकर हाथ खड़े कर दिये। इंस्पेक्टर विजय ने कहा कि ठेकेदार ने कानून के अनुसार सारी प्रक्रिया पूरी करके ही ठेका लिया है और इसमें पुलिस कुछ नहीं कर सकती। ठेका खोलने के लिये जमीन हूडा विभाग ने दी है और वे ही इस मामले में कुछ कर सकते हैं। हूडा के ईओ से आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बात की तो उन्होंने कहा कि हूडा ने ठेकेदार को किराये पर जमीन दी है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। शराब ठेके के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों में हिरेंद्र मलिक, दिनेश, राय सिंह पान्नू, अनंत राम शर्मा, सत्येंद्र मलिक, दीपक वर्मा व मोतीलाल वर्मा आदि मौजूद थे।

इधर, सेक्टर-6 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने भी शराब का ठेका खोलने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लघु सचिवालय की उत्तरी दीवार की तरफ व वाटिका गार्डन के पास ठेका रिहायशी क्षेत्र के बिल्कुल पास खोला गया है जोकि नियमों के खिलाफ है। 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo