जन संदेश न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़: प्रदेश सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह को ट्रक से कुचलकर मार डालने की वारदात के बाद पुलिस ने नूंह जिले में 'ऑपरेशन क्लीन' चला अवैध खनन में शामिल 61 वाहनों को जब्त किया है। इस अभियान में 1,593 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और कुल 358 वाहन जब्त किए गए हैं।
ऑपरेशन क्लीन
प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने 20 जुलाई से 25 जुलाई तक 'ऑपरेशन क्लीनÓ चलाया है। विज ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि शांतिपूर्वक तरीके से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिले के 33 गांवों में जांच के दौरान अवैध खनन में शामिल 61 वाहन जब्त किये गए हैं। दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 102 और पुलिस अधिनियम की धारा 47 के तहत 29 वाहन जब्त किये गए, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 268 वाहनों को उठाया गया और तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा 307 चालान जारी किये गए हैं।
दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 102, पुलिस अधिकारियों को कुछ प्रकार की संपत्ति जब्त करने का अधिकार देती है। गृह मंत्री ने कहा कि अवैध खनन के लिए जब्त किये गए 61 वाहनों में से 10 डम्पर ट्रक, 27 ट्रैक्टर, 8 ट्रॉली, 6 ट्रैक्टर ट्रॉली और 3 भारी 'अर्थमूविंगÓ मशीनें थीं।
गौरतलब है कि पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे थे और नूंह जिले में 19 जुलाई को उन्होंने एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया था लेकिन उन्हें कुचल दिया गया। नूंह जिले में अरावली की पहाडिय़ों में अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह को 19 जुलाई को उस समय एक ट्रक ने कुचल दिया जब उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया। डीएसपी ने कागजों की जांच के लिए एक डंपर को रुकने का इशारा किया था लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें कुचल डाला।
फिर से लगेगा गृह मंत्री का 'जनता दरबार'
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अब हर शनिवार को अम्बाला कैंट स्थित अपने आवास पर 'जनता दरबार' लगाएंगे। यह दरबार प्रदेशभर के उन लोगों के लिए होगा जो अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर विज से मिलना चाहते हैं। पूर्व में भी विज अम्बाला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाते रहे हैं। बीच में कई बार इसे टाला भी गया है। अब तय किया है कि हर शनिवार को अम्बाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से बाहर के लोगों की समस्याएं उनके आवास पर सुनी जाएंगी। सुबह 10 बजे से ही जनता दरबार शुरू होगा। वहीं अम्बाला कैंट के लोग सप्ताहभर में किसी भी दिन विज से उनके आवास पर मुलाकात कर सकेंगे। गृह मंत्री अनिल विज के आवास पर प्रतिदिन प्रदेशभर से लोग न्याय की आस लेकर पहुंचते हैं। प्रतिदिन बढ़ती तादाद को देखते हुए अब शनिवार को समस्याओं को सुना जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें