इनेलो नेता ने अनेक गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को दिया सम्मान दिवस रैली का निमंत्रण
फतेहाबाद: इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल जी की जयंती पर 25 सितम्बर को फतेहाबाद में होने वाली सम्मान दिवस रैली प्रदेश ही नहीं देश में भी बड़ा राजनीतिक बदलाव की गवाह बनेगी। इस दिन फतेहाबाद की धरती से तीसरे मोर्चे का गठन किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सम्मान दिवस रैली को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनसीपी अध्यक्ष शरद पंवार, आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल, शरद यादव, के.सी त्यागी व सुखबीर सिंह बादल सहित अनेक राष्ट्रीय पार्टियों के नेता शिरकत करेंगे और देश और प्रदेश से इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए एकजुट होकर लडऩे की घोषणा करेंगे।
अभय सिंह चौटाला मंगलवार को फतेहाबाद हलके के अनेक गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीण सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आज गांव ढाणी ठोबा, बरसीन, बीसला, माजरा, ढाणी माजरा, खजूरी, गोरखपुर व चौबारा गांव का दौरा कर ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों से रैली में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि देश व प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे किसान, मजदूर विरोधी फैसलों, बढ़ती महंगाई, फसलों के गिरते भाव, बेरोजगारी को लेकर जनता का हर वर्ग इस सरकार से छुटकारा पाना चाहता है। जनता बेसब्री से चुनावों का इंतजार कर रही है कि कब चुनाव हो और उन्हें इस सरकार से छुटकारा मिले। अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आज प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। कोरोना में हुए रजिस्ट्री घोटाले का मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में घिरे डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को बचाने के लिए सरकार ने इसकी जांच बंद करवा दी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस मामले में जांच करवाकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं करती है तो वे इस मामले को हाईकोर्ट लेकर जाएंगे। अभय चौटाला ने दावा किया कि फतेहाबाद में होने वाली रैली सभी रिकार्ड तोड़ेगी। आज तक हरियाणा में ऐसी रैली नहीं हुई होगी। प्रदेशभर से लाखों लोग रैली में जननायक चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजली देने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में जनता के सामने ऐसे चेहरे पहुंचेंगे, जिनसे प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है। वे जनता के बीच जाकर लोगों को सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी नीतियों के बारे में बताएं और उन्हें इनेलो के साथ जोड़ें। कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही इनेलो एक बार फिर सरकार बनाएगी। दौरे के दौरान अभय सिंह चौटाला हांसपुर रोड पर फ्लाईओवर की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों के बीच भी पहुंचे और उनके आंदोलन का समर्थन किया। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष बलविन्द्र सिंह कैरो, राष्ट्रीय सचिव युद्धवीर सिंह आर्य, वरिष्ठ नेता अजीत गिल्लाखेड़ा, भूपेन्द्र दरियापुर, भट्टू से वरिष्ठ नेत्री सरोज माचरा, हलका प्रधान जगदीश जैलदार, महिला विंग जिलाध्यक्ष सुमनलता सिवाच, हलका प्रभारी अंगद ढिंगसरा, युवा जिलाध्यक्ष अजय रोहज, बलदेव दरियापुर, प्रदेश प्रवक्ता विकास मेहता, पूर्व सरपंच पृथ्वी मांझू, आईएसओ जिलाध्यक्ष अमित ताखर, राजेश शर्मा एडवोकेट, जिला प्रवक्ता यशपाल तनेजा, कृष्ण मांझू, सतपाल सिधु, उन्नत बैनीवाल, बंटी बरसीन, रामकिशन कम्बोज, होशियार सिंह महला, शिव मेचु सहित अनेक इनेलो नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें