
संगरिया (राजस्थान)- वर्ष 2022 के अंतिम कार्य दिवस पर स्वामी केशवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ में बच्चों ने विभिन्न धर्मों से संबंधित प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों के समक्ष अनुष्का, टैमी, लकी, सेजल, दिव्या एवं मुस्कान ने संगीत शिक्षक हिमांशु नागपाल के मार्गदर्शन में हनुमान चालीसा गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस पश्चात क्रिसमस के अवसर पर संगीत के साथ मन्नत, पूजन, नूवेषिका एवं आस्था ने "जिंगल बेल- कैरल" गाकर सबको ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।
गुरलीन, खुश्मीत, सरताज, हरनीत, जशनदीप, अर्पित एवं अनन्या ने "शहीदी सप्ताह" के अवसर पर अपने - अपने सिर ढककर पंजाबी भजन "वाह गुरु वाह वाह..." गाकर सबका दिल जीत लिया।
कक्षा पांचवी के छात्रों ने "अच्युतम केशवम... भजन को बहुत ही मधुर तरीके से प्रस्तुत किया।
प्राचार्य शाह कृष्ण मुरारी ने इसी आयोजन में सीबीएसई द्वारा, सागर मध्यप्रदेश में आयोजित एयर राइफल एवं पिस्टल शूटिंग टूर्नामेंट से लौटे शूटर्स अनीशा, मोहम्मद कैफ, रियाज एवं रौनक को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया एवं राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित अनीशा को मध्यप्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय खेल में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी ।
सातवीं के छात्र कार्तिक ने क्रिसमस एवं जीसस क्राइस्ट के जीवन पर प्रकाश डाला। पैरंट टीचर मीटिंग के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा 12वीं की छात्रा जशन एवं परनीत ने बड़े ही सुंदर तरीके से किया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें