आज प्रदेश की हालत यह हो गई है कि बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं: सुनैना चौटाला

अगर फिर भी खेल मंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो महिला कोच को न्याय दिलवाने के लिए भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा

खेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त करे सरकार: सुमित्रा देवी

कहा-एक महिला खिलाड़ी बहुत संघर्ष करके इस मुकाम तक पहुंचती है और एक महिला खिलाड़ी के साथ ऐसी गंदी और भद्दी हरकत करना बेहद शर्मनाक है।

भाजपा सरकार खेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त नहीं करती है तो इनेलो पार्टी महामहिम राज्यपाल को खेल मंत्री को बर्खास्त करने के लिए ज्ञापन सौंपेगी।

 

चंडीगढ़ : इंडियन नेशनल लोकदल की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा देवी ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार के खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला जूनियर कोच द्वारा उसके साथ मंत्री निवास पर छेड़छाड़ करने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और कपड़े फाड़ने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने खेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि एक महिला खिलाड़ी बहुत संघर्ष करके इस मुकाम तक पहुंचती है और एक महिला खिलाड़ी के साथ ऐसी गंदी और भद्दी हरकत करना बेहद शर्मनाक है। 

वहीं, इनेलो की महिला प्रकोष्ठ की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ को नारा देकर महिलाओं के वोट लिए और सत्ता हासिल की। लेकिन उसके उलट आज बेटियों के साथ सत्ता के नशे में चूर भाजपा के मंत्री द्वारा सरेआम दुर्व्यवहार किया जा रहा है और पूरी भाजपा सरकार उस मंत्री को बचाने में जुट गई है। खेल मंत्री का यह कृत्य बेहद निंदनीय है और सरकार द्वारा खेल मंत्री को अभी तक बर्खास्त न करना भाजपा का महिलाओं के प्रति दोगलापन दिखाता है। भाजपा गठबंधन सरकार में महिलाओं के साथ दिन-ब-दिन अपराध बढ़ते जा रहे हैं। आज प्रदेश की हालत यह हो गई है कि बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। 

उन्होंने खेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि अगर भाजपा सरकार खेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त नहीं करती है तो इनेलो पार्टी महामहिम राज्यपाल को खेल मंत्री को बर्खास्त करने के लिए ज्ञापन सौंपेगी। अगर फिर भी खेल मंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो महिला कोच को न्याय दिलवाने के लिए भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo