मेवात के ऐतिहासिक गांव सिंगार से इनेलो की ‘परिवर्तन पदयात्रा’ हुई शुरू
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
215 दिनों में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे अभय सिंह चौटाला
हरियाणा की जनता अब चाहती है बदलाव: ओमप्रकाश चौटाला
मेवात/चंडीगढ़ : इनेलो सुप्रीमो एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने शुक्रवार को इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला की ‘परिवर्तन यात्रा’ के शुभारंभ पर मेवात जिले के गांव सिंगार में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस सभा में जैसे ही ओमप्रकाश चौटाला पहुंचे तो गर्मजोशी के साथ लोगों ने नारे लगाए और जयघोष से पूरा मेवात गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थापों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला मंच पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सही मायने में देश और प्रदेश को बचाने के लिए एक बहुत बड़े परिवर्तन की जरूरत है। ये परिवर्तन न केवल राजनीतिक लिहाज से जरूरी है बल्कि समाज के साथ-साथ खुद को बचाने के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है और ये तभी संभव होगा जब हम यह बदलाव स्वयं के भीतर से करेंगे।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि लोगों के भीतर एक बड़ा बदलाव महसूस किया जा रहा है और इनेलो इस बदलाव की सूत्रधार बनेगी। उन्होंने कहा कि मेवात का इतिहास इस कदर बुलंद रहा है कि बदलाव की खातिर जब भी यहां से लड़ाई शुरू हुई है तो पूरे हरियाणा ने करवट बदली है। ऐसे में अब पुन: उसी इतिहास को दोहराने का वक्त आ गया है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मेवात के इतिहास के बारे में भी लोगों खासकर नई पीढ़ी को अवगत करवाया और इसी बीच ये भी कहा कि वे अपने भाषण को अधिक लंबा नहीं करेंगे क्योंकि अब जुम्मे की नमाज अता करने का वक्त हो रहा है। इस बात पर भी लोगों ने खूब तालियां बजाईं।


कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें