आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, लाठियां बांझने का विरोध

 

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

नारनौल: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर निदेशक पंचकूला के नाम का ज्ञापन जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व आंगनबाड़ी यूनियन की जिला सचिव संतोष ढिल्लो, ब्लाक प्रधान कृष्णा कुमारी, बलजीत, कमलेश, सावित्री, श्वेता सहित जिला कमेटी व सर्किल/ब्लाक के पदाधिकारियों ने किया।

इस अवसर पर एआईयूटीयूसी जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह भी उपस्थित थे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान कृष्णा देवी ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व हैल्पर की लम्बित मांगों की सहमति होने के बावजूद लागूं नहीं किए जाने से आंगनबाड़ी कर्मियों में रोष है।

उपायुक्त कार्यालय पर धरना

रोहतक: फैमिली आईडी के बहाने से मजदूरों का राशन छीनने, दिहाड़ी मारे जाने के मसलों का समाधान न करने, फसल खराबे के मुआवजे का जल्द से जल्द भुगतान करने जैसी मजदूरों किसानों की लंबित पड़ी मांगों को लेकर मजदूर संगठन सीटूए किसान सभा और खेत मजदूर यूनियन के आह्वान पर मजदूरों किसानों ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। ज्ञापन लेने पहुंचे एसडीएम राकेश कुमार ने 2 दिन में अधिकारियों से बातचीत करवाने का आश्वासन दिया परंतु प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक संबंधित अधिकारियों से मीटिंग कर समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता तो आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद लघु सचिवालय पर 23 फरवरी से दिन रात के धरने का ऐलान कर दिया। विरोध कार्रवाई की अध्यक्षता धर्मपाल, कमलेश लाहली और प्रीत सिंह ने संयुक्त तौर पर की।

प्रदर्शन से पहले स्थानीय मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए मजदूरों-किसानों को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित, उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह, सीटू के प्रांतीय उपाध्यक्ष सतबीर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार और जिला सचिव कामरेड विनोद ने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार की कारपोरेटपरस्त नीतियों के कारण मंदी की मार झेल रहे मजदूरों किसानों पर बजट के माध्यम से उनकी जिंदगी और आजीविका पर जबरदस्त हमला बोला गया है। मंच संचालन मजदूर नेता प्रकाश चंद्र एवं किसान नेता बलवान सिंह ने किया। प्रदर्शन को सीटू के जिला कोषाध्यक्ष धर्मबीर हुड्डा जिला उपप्रधान रामचंद्र सिवाच और सतवीर पाक्समा, खेत मजदूर यूनियन के धर्मपाल, मनरेगा कामगार यूनियन के रामचंद्र बैंसी, भवन निर्माण कामगार यूनियन के रामभगत, आशा वर्कर यूनियन की सोनू एवं पुष्पा व अन्य ने भी अपना समर्थन दिया।

सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

पानीपत: पानीपत जिला के सभी 6 ब्लॉकों के सरपंचों ने स्काई लार्क से लेकर लघु सचिवालय तक ई-टेंडरिंग व राइट टू रिकॉल के विरोध में पैदल मार्च निकाला। सरपंचों ने हाथों में बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सरपंचों ने प्रदर्शन के उपरांत उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सरपंचों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही ई.टेंडरिंग व राइट टू रिकॉल को वापस नहीं लिया तो हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के आह्वान पर एक मार्च को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे।

इस मौके पर सरपंच एसोसिएशन के जिला उपप्रधान रणबीर नारा, इसराना ब्लाक सरपंच एसोसिएशन के उपप्रधान राहुल बुडशाम व संजय त्यागी सरपंच सनौली खुर्द आदि ने कहा कि सरकार ई-टेंडरिंग को लागू करके ग्रामीण क्षेत्र के विकास को बाधित करने का काम कर रही है।

जनता सरपंचों पर पड़ी लाठियों का हिसाब लेगी

हिसार: राइट टू री-कॉल व ई टेंडरिंग के खिलाफ तथा पंचायतों को पूरे अधिकार दिए जाने की मांग पर आंदोलन चला रहे सरपंचों ने सरकार को चेताया है कि वह सरपंचों व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों पर अत्याचार करने बंद करें। सरपंचों ने कहा है कि सरकार उनके आंदोलन को जितना दबाने का काम करेगी, उनका आंदोलन उतना ही ज्यादा मुखर होगा।

डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा के आवास के समक्ष धरने पर बैठे सरपंचों ने जींद में सरपंचों पर किये गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। इसी तरह जिले के हांसी प्रथम व द्वितीय, आदमपुर, अग्रोहा, उकलाना व बरवाला ब्लॉकों में भी आंदोलनरत सरपंचों ने जींद की घटना की कड़ी निंदा की। धरने को संबोधित करते हुए सरपंच एसोसिएशन के जिला कोषाध्यक्ष आजाद सिंह हिंदुस्तानी ने कहा कि हरियाणा सरकार अपनी मनमानी नीतियां थोप रही है और जब कोई वर्ग इसका विरोध करता है तो उसकी आवाज को लाठियों व पानी की बौछारों से दबाया जाता है। उन्होंने कहा कि सरपंचों के शरीर पर पड़ी एक.एक लाठी का प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से हिसाब लेगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo