भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता पूरे आक्रोश में है: अभय सिंह चौटाला

 

आज आदमी की आय तो चव्वन्नी रह गई है और खर्चा बढक़र एक रुपया हो गया है..

पूर्व में लोगों ने झूठ और फरेब करने वालों के झांसे में आकर वोट डाल दिए और देश एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बना दी, लेकिन अब मतदाताओं को पछतावा हो रहा है....


सोनीपत-  इनेलो की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ 57वें दिन में प्रवेश कर गई। जिला सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र के गांव गढ़ी बिंदरोली में सोमवार को जैसे ही इनेलो की पदयात्रा पहुंची तो ग्रामीणों ने इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के समर्थन में जोरदार शंखनाद किया। परिवर्तन की यह हवा हरियाणा से शुरू हुई है और इसका पूरा असर देश की राजनीति पर पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा किए गए इस स्वागत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इनेलो पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है और पार्टी का हर कार्यकर्ता बड़े जोश के साथ पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इनेलो बदलाव के इस समय में एक नया इतिहास रचेगी।
इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता पूरे आक्रोश में है और वे उस दिन के इंतजार में हैं जब हरियाणा और देश को लूटने वाले ये लोग जनता के बीच में जाएंगे, तब इन्हें आभास होगा कि सत्ता के अहंकार में इन लोगों ने क्या खोया और क्या पाया है? उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने इसी जोश को बरकरार रखते हुए इनेलो की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आदमी की आय तो चव्वन्नी रह गई है और खर्चा बढक़र एक रुपया हो गया है। बढ़ती महंगाई के बीच आज ऐसी कोई वस्तु नहीं है जो आम आदमी की पहुंच से बाहर न हुई हो। इसी कारण लोग इस सरकार के शासन से दुखी होकर सडक़ों पर उतरे हुए हैं। पूर्व में लोगों ने झूठ और फरेब करने वालों के झांसों में आकर वोट डाल दिए और देश एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बना दी, लेकिन अब मतदाताओं को काफी पछतावा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के दौरान उन्हें हर रोज हजारों लोगों से मिलने का मौका मिल रहा है और ये सभी लोग देश एवं प्रदेश की सरकारों से तंग आ चुके हैं। लोग अब खुलकर बदलाव की बात कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का यही जोश और साथ प्रदेश में बदलाव की क्रांति लाएगा। उन्होंने कहा कि किसान, कमेरा, व्यापारी, कर्मचारी, नौजवान सब इस सरकार से हताश और दुखी हैं। 

जनता इस तानाशाह सरकार से छुटकारा चाहती है और विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रही है। आज सत्ता के अहंकार में डूबे लोग इस परिवर्तन पदयात्रा को लेकर भयभीत हो गए हैं और उन्हें भी इस बात का आभास हो गया है कि आने वाले चुनाव में देश और प्रदेश के लोग उन्हें चलता कर देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo