प्रदेश की जनता इनेलो को भाजपा गठबंधन सरकार का एकमात्र विकल्प मान चुकी है: अभय सिंह चौटाला

पिछले 18 साल हरियाणा पर बड़े भारी गुजरे हैं और इस दौरान सभी शासकों ने पूरे प्रदेश को लूट कर न केवल खोखला कर दिया है बल्कि विकास की दृष्टि से भी उजाड़ दिया है...


गांवों में गलियों और सडक़ों की हालत खस्ता है तो वहीं बिजली-पानी को लेकर भी लोग परेशान हैं, इसी प्रकार शहरों की भी यही हालत है...


बहादुरगढ़ - ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को 53वें दिन में प्रवेश कर गई। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा से प्रदेश में तो बदलाव का नया माहौल बना ही है साथ ही इनेलो भी पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। जहां भी यह यात्रा पहुंच रही है हर रोज सैकड़ों लोग विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को छोडक़र इनेलो की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे हमारी पार्टी का हर कार्यकर्ता नए उत्साह से लबरेज है और इसी उत्साह और बुलंद हौसलों को देखते हुए अब राजनीतिक विरोधी भी इस बात को कहने लगे हैं कि आने वाला समय इनेलो का ही है।

उन्होंने कहा कि जननायक चौ. देवी लाल अक्सर यही बात कहा करते थे कि लोकराज जहां लोकलाज से चलता है तो वहीं राजनीति को भी उन्होंने जनसेवा का माध्यम माना। इनेलो चौ. देवी लाल की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए उनके दिखाए रास्ते पर ही चलते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन पदयात्रा का मकसद केवलमात्र सत्ता पर काबिज होना नहीं बल्कि सत्ता के माध्यम से चौ. देवी लाल के सपनों का हरियाणा बनाना है।
बहादुरगढ़ में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि पिछले करीब 18 साल हरियाणा पर बड़े भारी गुजरे हैं और इस दौरान सभी शासकों ने पूरे प्रदेश को लूट कर न केवल खोखला कर दिया है बल्कि विकास की दृष्टि से भी उजाड़ दिया है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान उन्हें लोगों के बीच में रहने का मौका मिला। लेकिन हैरान करने वाली बात ये है कि चाहे गांव हो अथवा शहर, सभी विकास के लिहाज से उपेक्षित ही हैं। गांवों में गलियों और सडक़ों की हालत खस्ता है तो वहीं बिजली-पानी को लेकर भी लोग परेशान हैं। इसी प्रकार शहरों की भी यही हालत है। अभय सिंह चौटाला ने बताया कि उन्हें इस बात का बेहद दुख हुआ कि आज जिन गांवों में स्कूल हैं तो वहां अध्यापक नहीं है और अस्पतालों में डाक्टर नहीं और लोग परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इनेलो को ही भाजपा गठबंधन सरकार का एक मात्र विकल्प मान चुकी है। और अब इनेलो की सरकार बनाकर प्रदेश में बड़ा बदलाव लाना चाहते हैं। इनेलो के शासनकाल में जहां सरकार जनता के द्वार पर होती थी तो वहीं अब तो देश और प्रदेश का हर वर्ग दुखी है और अपने हक अधिकार के लिए सरकार के समक्ष आवाज उठा रहा है। इनेलो नेता ने दावा किया कि परिवर्तन यात्रा से हरियाणा में शुरूआत हुई इस बदलाव की आंधी से सभी राजनीतिक दलों में खलबली मची हुई है। उन्होंने कहा कि विकासकारी नीतियों को आधार मानते हुए ही इनेलो ने अपने शासनकाल में जो कहा वो करके दिखाया और अब पुन: मौका मिलने पर हरियाणा को उन्नतशील राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी परिवर्तन पदयात्रा से अब यह तय हो गया है कि प्रदेश में शत-प्रतिशत इनेलो की सरकार बनेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo