भाजपा गठबंधन की काठ की हांडी दोबारा नहीं चढ़ेगी: अभय सिंह चौटाला

 ‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ का रविवार को 68वां दिन


बड़ी संख्या में लोग विभिन्न पार्टियों को छोड़ कर इनेलो ज्वाइन कर रहे हैं, इसी कड़ी में भिवानी जिले के कलांगा गांव से धर्मपाल परमार, विकास परमार व सतीश परमार ने भाजपा को अलविदा कहते हुए इनेलो में अपनी आस्था व्यक्त की


परिवर्तन यात्रा प्रदेश और देश की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगी

भाजपा गठबंधन सरकार ने भी खोखले वादे करके सत्ता तो हथिया ली मगर आज हरियाणा बर्बादी की राह पर है


परिवर्तन पदयात्रा में लोग जिस प्रकार जुड़ते जा रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाला समय इनेलो का है...

रोहतक
-: इनेलो की पदयात्रा हर दिन एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए आगे बढ़ रही है। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में चल रही यह पदयात्रा इन दिनों रोहतक जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होती हुई कलानौर के विभिन्न गांवों में दस्तक दे रही है। अहम बात ये है कि इस यात्रा को लेकर जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है तो वहीं आम जनमानस का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न पार्टियों को छोड़ कर इनेलो ज्वाइन कर रहे हैं। इसी कड़ी में भिवानी जिले के कलांगा गांव से धर्मपाल परमार, विकास परमार व सतीश परमार ने भाजपा को अलविदा कहते हुए इनेलो में अपनी आस्था व्यक्त की। इसके अलावा लोग यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। पार्टी में आने वाले लोगों व यात्रा का स्वागत करने वालों के प्रति आभार जताते हुए अभय ने कहा कि इनेलो अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का ख्याल रखती है। उन्होंने कहा कि इस स्वागत से जहां उन्हें एक नई ताकत मिल रही है तो वहीं यात्रा में चलने वाले लोगों का भी मनोबल बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा प्रदेश और देश की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगी। जिस प्रकार चौधरी देवी लाल के न्याययुद्ध के बाद समूची सत्ता में बड़ा बदलाव आया था ठीक वैसे ही परिवर्तन पदयात्रा भी राजनीति में एक नया बदलाव करते हुए इतिहास रचेगी। देश और प्रदेश के मौजूदा सत्तासीनों ने देश और प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। अब ये लोग भले ही नए जुमले और कसीदे गढ़ते हुए लोगों के बीच चले जाएं मगर जैसे काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ा करती वैसे ही भाजपा गठबंधन की काठ की हांडी दोबारा नहीं चढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में इन सत्ता के अहंकारियों को मुंह की खानी पड़ेगी।

इनेलो नेता ने कहा कि आज देश और प्रदेश जिन हालात से गुजर रहे हैं, उसका खमियाजा आम आदमी को ही भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों से छलावा करके वोट हासिल करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वे पूछना चाहते हैं कि जब  वोट लेते समय तो किसानों से वादा किया था कि उनकी आय दोगुणा होगी मगर सरकार बनने के बाद आय तो नहीं बढ़ी बल्कि किसानों पर कर्जा कई गुणा बढ़ गया। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश की इस भाजपा गठबंधन सरकार ने भी खोखले वादे करके सत्ता तो हथिया ली मगर आज हरियाणा बर्बादी की राह पर है। कहीं किसी को रोजगार नहीं मिला, अस्पतालों में दवाइयां और डाक्टर नहीं, स्कूलों में अध्यापक नहीं, कामगारों को काम नहीं, उद्योग धंधे ठप पड़े हैं। इसके बावजूद प्रत्येक नागरिक कर्जदार क्यों हो गया? उन्होंने कहा कि लोगों ने मन बना लिया है और वे अब इन हुक्मरानों से बदला लेने को तैयार हैं। परिवर्तन पदयात्रा में लोग जिस प्रकार जुड़ते जा रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाला समय इनेलो का है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo