जन संदेश न्यूज नेटवर्क
उन्नाव: भाजपा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के प्रचार की कमान संभाल रखी है। यहां उन्होंने कहा कि 2014 से पहले लोग (भारत को) शक की निगाहों से देखते थे, भारत का सम्मान नहीं करते थे। कहीं भी विस्फोट होते थे, कोई भी घुसपैठ कर देता था। भारत के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दुनिया में भारत की साख नहीं बची थी। 2014 के बाद भारत के बारे में नज़रिया बदला है। योगी ने कहा कि आज दुनिया भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देखती है।
योगीनाथ ने कहा कि 2017 में जिन माफियाओं को खुली छूट मिली हुई थी, वे अब अपनी जान बचाने के लिए भीख मांग रहे हैं। अब यूपी में अपराध और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। इस दौरान योगी ने फिर दोहराया कि हमारी सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा का भरोसा देगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में अब कोई भी अपराधी नहीं बचेगा। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार विकास को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। प्रदेश के 20 लाख नौजवानों को टेबलेट दे चुके हैं। 2017 के पहले हाथों में तमंचे होते थे, आज टेबलेट हैं। उन्होंने विपक्ष की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उपद्रव एवं माफिया नहीं बल्कि उत्सव एवं महोत्सव उत्तर प्रदेश की पहचान है।
योगी ने चुनावी जनसभा में अपनी सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनायीं और रंगदारी न फिरौती, अब यूपी नहीं किसी की बपौती और आज यूपी में न कफ्र्यू न दंगा, आज यूपी में सब ओर चंगा जैसे नारे दिये। अब उपद्रव नहीं, उत्सव हमारी पहचान है, माफिया नहीं, महोत्सव हमारी पहचान है। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, 2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं थी लेकिन आज प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता। अब तो कांवड़ यात्रा निकलती है। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे होते थे। पहले शोहदों का आतंक रहता था और बेटियां घर से निकलने में डरती थी और आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त माहौल है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें