हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही भाजपा गठबंधन सरकार -अभय सिंह चौटाला


जन संदेश न्यूज नेटवर्क

सिरसा: ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान भाजपा गठबंधन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और आमजन इस सरकार के कार्यकाल में स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहा है। ऐलनाबाद से उपचुनाव जीतने के बाद अभय सिंह चौटाला ने अपने तीन दिवसीय धन्यवादी दौरे के दौरान गांव अरनियांवाली, रंधावा, रूपाणा खुर्द, लुदेसर, हंजीरा, रामपुरा ढिल्लों, राजपुरा साहनी, खेड़ी, गुसांईआना आदि में ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इनेलो विधायक ने इस दौरान कहा कि उनके किसानों के पक्ष में इस्तीफा देने के बाद उनके विधानसभा क्षेत्र में नए नए समाजसेवी पैदा हो गए थे और धन संपत्ति का लालच देकर मतदाताओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे मगर क्षेत्र के मतदाताओं ने उपचुनाव में सही फैसला करके उन्हें आईना दिखाते हुए बैरंग लौटा दिया।

इनेलो नेता ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार केवल झूठी वाहवाही बटोरने के चक्कर में विकास के झूठे वायदे कर प्रदेशवासियों को गुमराह करने पर आमादा है मगर प्रदेशवासी अब इसकी वास्तविकता जान चुके हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में इस गठबंधन को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा में उन्होंने हरियाणा की जनता के विकास से जुड़े, एचपीएससी में नौकरियों के मामले में हुई धांधलियों और किसानों की बेमौसमी बरसात व गुलाबी सुंडी के प्रभाव से नष्ट हुई फसलों के उचित मुआवजे जैसे अतिमहत्वपूर्ण किसानों के मुद्दों को उठाया तो उन्हें कहा गया कि उन्हें लिखित में जवाब भेजा जाएगा मगर अभी तक सरकार की ओर से इस दिशा में कोई जवाब नहीं दिया गया है।

उन्होंने कहा कि नौकरियों में किए गए भ्रष्टाचार को लेकर वे जल्द ही राष्ट्रपति से समय मांग कर मिलेंगे और पूरे प्रकरण की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज द्वारा करवाने का अनुरोध करेंगे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा की कार्रवाई को भी उनके समक्ष रखेंगे और हरियाणा लोक सेवा आयोग को भंग करने की मांग करेंगे। इनेलो विधायक ने कहा कि यदि उपचुनाव में उनकी जीत न होती तो केंद्र सरकार यही संदेश लेती कि किसान तीनों कृषि कानूनों के पक्ष में ही हैं मगर उनकी जीत के साथ ही उन लोगों के मुंह बंद हो गए जो कहा करते थे कि अभय सिंह के त्यागपत्र से कोई कानून वापिस नहीं होंगे मगर उनकी जीत के साथ ही तीनों कृषि कानून वापिस हो गए और प्रधानमंत्री को भी देशवासियों से माफी मांगनी पड़ी। सोमवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, विनोद बेनीवाल, कृष्ण झोरड़, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, सुमित्रा देवी, महेंद्र बाना, हरपाल ढूकड़ा, सुभाष हंजीरा, रोनित भांभू सहित अनेक इनेलो पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

नित्य जनविरोधी फैसले ले रही प्रदेश की गठबंधन सरकार

उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान भाजपा-जजपा सरकार नित्य जनविरोधी फैसले ले रही है और उसका खमियाजा प्रदेश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने गांव बुढीमेड़ी, मौजूखेड़ा, कृपालपट्टी, हिमायुंखेड़ा, शेखुखेड़ा, कुत्ताबढ़, कोटली, रत्ताखेड़ा, केसुपुरा व मल्लेकां आदि में ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल ने वृद्धावस्था पेंशन आरंभ कर उन्हें सम्मान दिया था मगर वर्तमान राज्य सरकार किसी ने किसी कानून को आधार बनाकर वृद्धों की पेंशन काट कर रही है और उनके सम्मान को कम कर रही है।

उन्होंने कहा कि चाहे अनचाहे कानून बनाकर भाजपा-जजपा गठबंधन बुजुर्गों के सम्मान को कुचल रही है जिसे इनेलो कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय पंरपरानुसार जब बेटियां अपने मायके आती थी तो बुजुर्ग अपनी इसी पेंशन में से ही उन्हें आशीर्वाद स्वरूप शगुन देकर उन्हें लाभान्वित करते थे मगर वर्तमान सरकार इस परंपरा को तोडऩे में लगी है। उन्होंने कहा कि घग्घर के समीपस्थ गांवों के किसानों की बेहतरी के लिए चौधरी देवी लाल ने जिन मोघों को बनवाया था, उन्हें भी राज्य सरकार की ओर से बंद किया जा रहा है जिससे किसानों का संकट बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वे इस गंभीर मुद्दे पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल से भी बात करेंगे। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से किसानों के मोघे खोलने संबंधी बात कही। इनेलो नेता ने आमजन से कहा कि उन्हें अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए एकजुट होकर लडऩा होगा क्योंकि प्रदेश सरकार नित्य जनविरोधी फैसले लेकर आमजन को परेशान करने पर आमादा है। 

इस मौके पर इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने अपने हलके के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। विधायक ने जनसमस्याएं सुनते हुए उनका मौके पर ही समाधान भी करवाया। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, अभय सिंह खोड, जसवीर सिंह जस्सा, धर्मवीर नैन, अजय झोरड़ सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo