किसानों का राजनीतिक दल, चुनाव से पहले ही बिखरा

 जन संदेश न्यूज नेटवर्क

चंडीगढ़: पंजाब के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान करने वाले किसान संगठनों को इलेक्शन से पहले ही बड़ा झटका लग गया है। मालवा क्षेत्र में बड़ा प्रभाव रखने वाले भारतीय किसान यूनियन (एकता-उगराहां) ने किसी भी दल का समर्थन करने से इनकार कर दिया है। बलबीर सिंह राजेवाल की लीडरशिप वाले संयुक्त समाज मोर्चा ने अपील की थी कि सभी किसान संगठन चुनाव में एक साथ आएं और समर्थन करें। संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल कई किसान संगठनों को शामिल कर संयुक्त समाज मोर्चा नाम के राजनीतिक दल का गठन किया गया है। यह संगठन चुनाव में उतरा है। 

राजेवाल की अपील को खारिज करते हुए जोगिंदर सिंह उगराहां ने चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले महीने होने वाले इलेक्शन में हम न तो संयुक्त समाज मोर्चा का समर्थन करेंगे और न ही विरोध करेंगे। पंजाब में 14 फरवरी को वोटिंग होनी है और 10 मार्च को नतीजे आएंगे। इसी दिन यूपी, उत्तराखंड समेत अन्य 4 राज्यों के भी परिणाम आएंगे। हालांकि जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि उनका संगठन 15 जनवरी को बुलाई गई बैठक में हिस्सा लेगा। इस मीटिंग में किसानों से जुड़े तमाम मुद्दों पर अब तक क्या प्रगति हुई है। इस पर चर्चा की जाएगी। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को तीन नए कृषि कानूनों की वापसी का ऐलान किया था। इसके बाद किसानों ने दिसंबर में घर वापसी का ऐलान किया था। इसके बाद 32 में से 19 किसान संगठनों ने ऐलान किया था कि वे पंजाब के चुनाव में उतरेंगे। किसान संगठनों का कहना था कि किसी अन्य दल के पीछे जाने की बजाय अपने मुद्दों के लिए खुद ही मैदान में उतरना होगा। वहीं भारतीय किसान यूनियन समेत कई अन्य संगठनों ने इससे दूरी बना ली थी। इसके बाद अब 8 संगठनों ने किसानों के राजनीति में उतरने का विरोध किया था। इस पर राजेवाल ने सभी किसान संगठनों से अपील की थी कि वे चुनाव में साथ आएं। 

सोनू सूद की बहन कांग्रेस में शामिल

मोगा: अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। नवजोत सिंह सिद्धू मालविका के मोगा स्थित घर पहुंचे थे। इससे पहले बीते सप्ताह चुनाव आयोग ने मालविक सूद के ऐक्टर भाई सोनू सूद को राज्य के ब्रांड एंबेसडर के पद से हटाने का फैसला लिया था। इसके बाद राज्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से बताया गया था कि सोनू ने खुद ही यह जिम्मेदारी छोड़ दी थी। सिद्धू जब मालविका के घर पर पहुंचे तो उस वक्त एक्टर और मालविका के भाई सोनू सूद भी घर पर मौजूद थे। कांग्रेस की ओर से मालविका सूद को मोगा सीट से प्रत्याशी भी घोषित कर दिया गया है। नवजोत सिंह सिद्धू और चन्नी ने प्रेस कॉन्फे्रंस कर मालविका की कांग्रेस में औपचारिक एंट्री का ऐलान किया। मालविका को कैंडिडेट बनाए जाने की घोषणा के बाद मोगा से विधायक डॉ. हरजोत कमल के समर्थकों ने पार्टी के खिलाफ सोनू सूद की बहन मालविका जमकर नारेबाजी कर फैसले का विरोध किया।

सीएम चन्नी ने यह भी घोषणा की है कि विधायक कमल को कांग्रेस पार्टी में अन्य व अच्छा पद दिया जाएगा।

वहीं सिद्धू ने कहा कि मालविका सूद को कांग्रेस पार्टी में जो भी पद दिया जाएगा वह उसे विजयी कर पार लगाएंगी। उन्होंने कहा कि मालविका सूद और सोनू सूद ने निष्काम सेवा की है। गरीब बच्चियों को एक हजार साइकिल देने समेत गरीबों का मुफ्त में इलाज करवाने जैसी सेवा कर सूद परिवार ने समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। मालविका सूद की एंट्री पर चन्नी ने कहा कि वह बेहद मजबूत हैं और कोई भी अराजक तत्व मिल जाए तो उसे थप्पड़ लगाएंगी। कांग्रेस में एंट्री के मौके पर मालविका सूद ने कहा कि मैं सीएम चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू को धन्यवाद देना चाहूंगी कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo