नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के नाम पर रखा जाएगा, राज्य सूचना आयोग भवन का नाम : मनोहर लाल
जन संदेश न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य पर प्रदेश के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचकूला के सेक्टर 3 में 36.49 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले राज्य सूचना आयोग भवन का नाम नेता जी सुभाष चन्द्र बोस को समर्पित करते हुए इसका नाम भी ‘नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राज्य सूचना आयोग भवन’ के नाम पर ही रखने की घोषणा की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस ने देश की आजादी में युवाओं में जो जज्बा पैदा किया व प्रेरणा दी, उसको कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी को नेहरू परिवार के वंशवाद से बाहर निकलने की फुर्सत नहीं मिली और इसके चलते देश की आज़ादी में नेता जी व अन्य क्रांतिकारियों द्वारा दिये गए योगदान को आगे नहीं लाया गया। आज युवाओं को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जैसे क्रांतिकारियों की जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए और देश व समाज की प्रगति में योगदान के लिए आगे आना चाहिए।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जैसे नेताओं के देश की आजादी में दिये गए योगदान को छुपाने के लिए पछतावा करना चाहिए और उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए जिन्होंने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर इंडिया गेट पर नेता जी की प्रतिमा का अनावरण किया है ताकि आने वाली पीढियां नेता जी के जीवन से शिक्षा ले सकें।
"प्लाट का कुल क्षेत्र 3274.35 वर्ग मीटर है तथा दो बेसमेंट सहित यह 6 मंजिला भवन होगा तथा कुल कवर्ड एरिया 8500.98 वर्ग मीटर होगा। बेसमेंट का क्षेत्र 3692.20 वर्ग मीटर का होगा।"
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि नेता जी की 125वीं जयंती पर देश की आजादी के 75वें अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हरियाणा में 75 स्थानों पर पराक्रम दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरियाणा एमएलए होस्टल चण्डीगढ के पार्क में भी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके अलावा मिल्खा सिंह एडवेंचर स्पोर्टस क्लब द्वारा मोरनी क्षेत्र में साहसिक खेलों को बढावा देने व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होम स्टे योजना के तहत मोरनी के स्थानीय 40 युवाओं-युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया है जिनमें से 3 को होम स्टे ऑफ इंडिया द्वारा युवा उद्यमी के पेशकश पत्र भी प्रदान किए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें