चन्नी का दावा, दो बार नहीं उड़ान भर पाया हेलिकॉप्टर

 चन्नी का दावा, दो बार नहीं उड़ान भर पाया हेलिकॉप्टर

कहा- मैं आतंकवादी नहीं हूं

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का आरोप है कि उनके हेलिकॉप्टर को दो बार उड़ान भरने से रोका गया। पहली बार वह राहुल गांधी की होशियारपुर की रैली में जाना चाहते थे तब उन्हें चंडीगढ़ में ही रोक दिया गया। दूसरी बार उन्हें सुजानपुर से जालंधर जाना था। बता दें कि उसी दिन प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी भी जालंधर पहुंचे थे इसलिए उड़ान पर प्रतिबंध लगाया गया था। 

चन्नी ने कहा कि मैं राज्य का मुख्यमंत्री हूं, कोई आतंकी नहीं हूं। इसके पीछे सियासी बदला छिपा है। वे चाहते हैं कि किसी तरह परेशान किया जाए। मेरे खुद के राज्य में मुझे चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है। बता दें कि इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपनी रैली में कहा था कि उन्हें 2014 में राहुल गांधी के वजह से चॉपर से उड़ान भरने से रोका गया था। 

मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि फिरोजपुर में प्रधानमंत्री मोदी की रैली नहीं हो पाई और इस वजह से वह बदला लेना चाहते हैं। वे हमें प्रचार करने से रोकना चाहते हैं। वह कुछ भी कर लें हम पंजाबियों के साथ खड़े हैं। अगर वो मुझे रोक लें या मार भी दें तो भी मैं उनसे डरता नहीं हूं। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली की वजह से नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया और मैं राहुल गांधी की रैली में नहीं पहुंच पाया। मेरे चार घंटे बर्बाद हो गए। मुझे क्लियरेंस ही नहीं दिया गया। पहले मुझे 11 बजे उड़ान भरने और होशियारपुर में उतरने की परमिशन दी गई थी लेकिन बाद में इसे रद कर दिया गया। यह राजनीतिक खेल है। पंजबा कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़ ने भी कहा कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें प्रचार करने से रोका जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि मामले का संज्ञान लिया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo