15 राजीव गांधी खेल स्टेडियम बदहाल स्थिति में, सामान चोरी

जन संदेश न्यूज नेटवर्क


सोनीपत: जिले के खिलाडिय़ों ने देश के साथ-साथ विदेशों में भी अनेक मौकों पर तिरंगा फहरा कर नाम रौशन किया है लेकिन खिलाडिय़ों के अभ्यास के लिए बनाये 16 में से 15 राजीव गांधी खेल स्टेडियम बदहाल में पहुंच चुके हैं। इनके भवन तक जर्जर हो चुके हैं। कई जगह से सामान भी चोरी हो चुका है या जो बचा है वह क्षतिग्रस्त है। स्टेडियमों के परिसरों में घास-फूंस उगी हुई है। कोच हैं तो सुविधाएं नहीं। ऐसे में खिलाड़ी अब इनमें अभ्यास नहीं करते हैं। लोगों की शिकायत पर खेल विभाग के अधिकारियों ने कई स्टेडियमों का दौरा कर जायजा तो लिया लेकिन अभी तक सुधार नजर नहीं आया।

खेलों में जिले के प्रदर्शन को और बेहतर करने के लिए सरकार ने 16 गांवों में राजीव गांधी खेल स्टेडियम बनाए थे। शुरू में इनमें सुविधाएं होने के बाद सैकड़ों खिलाड़ी अभ्यास करते थे लेकिन धीरे-धीरे स्टेडियमों में मशीनें पुरानी होने और कोच न होने के कारण खिलाडिय़ों ने प्रैक्टिस के लिए दूसरी जगहों का रुख करना शुरू कर दिया। इसके बाद 15 स्टेडियमों की हालत बद से बदतर होती गई। 

स्टेडियमों का रखरखाव के अभाव में कई के भवन तक जर्जर हो चुके हैं। केवल एक स्टेडियम को छोड़कर 15 की हालत आज जर्जर है। इन गांवों के लोग कई बार अधिकारियों से इन स्टेडियमों की हालत सुधारने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन अब तक इनके सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।

यहां बने हंै स्टेडियम

कथूरा, मदीना, मोई हुड्डा, महमूदपुर, खानपुर कलां, भैंसवाल कलां, सिसाना, छिन्नौली, नाहरा, हलालपुर, औरंगाबाद, राजलू गढ़ी, पुरखास, जुंआ, भठगांव और सरगथल में राजीव गांधी खेल स्टेडियम बने हुए हैं। इसके अलावा भंडेरी, कोहला समेत कई गांवों में भी खेल परिसर बने हुए हैं। उनमें से अधिकांश बदहाल स्थिति में हैं। श्रमिक अपने काम पर लौटे हैं।

कई स्टेडियमों की हालत बदहाल हो चुकी है। कई जगह स्टेडियमों की चारदीवारी गिर चुकी है। कई गांवों में चारदीवारी जगह-जगह से टूट गई है। स्टेडियम के परिसरों में घास-फूंस उगी हुई है। इनमें काफी दिनों से सफाई नहीं हुई है। बदहाल होने पर चोरों ने स्टेडियम के सामान के साथ ही खिड़की और दरवाजों को निशाना बना लिया। कई जगह चोर ग्रिल उखाड़कर ले गए। 

खेल अधिकारी सोनीपत शर्मिला राठीके अनुसार जिला सोनीपत कई गांवों में बने राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का दौरा कर जायजा लिया गया है। इनके सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसका प्रस्ताव बनाकर जल्द ही विभाग के मुख्यालय को भेजा जाएगाए ताकि दोबारा से इन स्टेडियमों में खिलाड़ी प्रैक्टिस कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo