गुरुग्राम: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी हरियाणा व राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्रियों व अधिकारियों से कहा कि दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे के दोनों ओर की सर्विस लेन की हालत बहुत खराब है। कहीं जगहों तो हाईवे पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। इससे यातायात बाधित होता है। इसलिए अधिकारियों पर दबाव देकर सर्विस लेन को कब्जा मुक्त करवाएं।
गडकरी यहां पचगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरानं नितिन गडकरी ने सीएम मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में 1407 करोड़ रुपए की लागत वाली 19 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि एनएचएआई हरियाणा में 36 हजार करोड़ रुपए की लागत से 608 किलोमीटर के तीन एक्सप्रेस-वे बनाने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य गति से चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद दिल्ली से जयपुर मात्र 2 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेस-वे चालू होते ही खेड़की दौला टोल प्लाजा को यहां से हटा दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह एक्सप्रेस वे इसी वर्ष पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पंचगांव, राठीवास तथा सालहावास में अंडरपास व फ्लाईओवर बनवाने की घोषणा की।इस अवसर पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में सांसद राज्यवर्धन राठौर, सांसद रामशरण बोहरा, मंत्री बनवारी लाल, राज्यमंत्री ओपी यादव, विधायक सत्यप्रकाश जरावता मौजूद थे।
11 राजमार्गों का चल रहा काम
इस मौके पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश में 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं वर्तमान सरकार के कार्यकाल में मंजूर की गई जिनमें से 11 राजमार्गों पर काम चल रहा है और 6 पर निर्माण कार्य शुरू होने को है। गुरुग्राम-मानेसर में एक हजार एकड़ में ग्लोबल सिटी बनाने का कार्य इसी वर्ष शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि लोग पूछते हैं कि सीएम से बनती भी है या नहीं लेकिन मैं सबसे भला मुख्यमंत्री इन्हें मानता हूं। उन्होंने कहा कि गांव वजीराबाद के लोगों ने स्टेडियम का नाम राव वीरेंद्र सिंह के नाम पर रखने की मांग की थीए लेकिन इसके बाद से स्टेडियम का काम बंद पड़ा है। इसी तरह बायोडायवर्सिटी पार्क का नाम राव वीरेंद्र सिंह के नाम से करने का प्रस्ताव नगर निगम सदन दो बार पास कर चुका हैए उस पर भी कोई एक्शन नहीं हुआ। राव इंद्रजीत बोले, सीएम साहब अगर मेरे से नहीं बनती है तो मैं आपनी बात वापस ले लेता हूं लेकिन हम दोनों को मिलकर काम करना है। आप आधा रास्ता तय करो आधे हम आगे आ जाएंगे। इस पर सीएम उठे और माइक की ओर बढ़े तो राव इंद्रजीत सिंह ने आगे बढ़कर उनका हाथ थाम लिया। दोनों के हाथ मिलाते ही मंचासीन नेताओं के साथ पंडाल में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाई।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें