नवजोत सिद्धू-बिक्रम मजीठिया को हराने वाली जीवन जोत कौर
जन संदेश न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव में 'आप' की यह जीत कई मायनों में बेहद खास है। पार्टी ने जिन उम्मीदवारों को दिग्गजों के सामने खड़ा किया वो कोई हाई प्रोफाइल नहीं हैं, बावजूद इसके उन्होंने दिग्गजों को चुनावी मैदान में धूल चटा दी। ऐसा ही कुछ हुआ अमृतसर ईस्ट की सीट पर। यहां पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को हराने वाली जीवन जोत कौर आम कार्यकर्ता हैं। कैसे इलाके की पैडवूमन सिद्धू और मजीठिया को सत्ता से बाहर की वजह बन गई, जानिए।
जीवन जोत कौर की यह पहली चुनावी लड़ाई रही जिसमें उन्होंने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। दो दिग्गज उम्मीदवारों नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया को हरा दिया। अमृतसर ईस्ट सीट पर सिद्धू को 32,807, मजीठिया को 25,112 वोट मिले जबकि जीवन जोत कौर ने 39,520 वोट हासिल किए।
पैडवूमन से जानते हैं लोग
जीत के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान जीवन जोत कौर ने कहा कि उन्हें पार्टी ने दिसंबर माह में अमृतसर ईस्ट से चुनावी टिकट देने का ऐलान किया था। लेकिन अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल के बूते उन्होंने जीत हासिल की। कौर एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं जिन्हें अमृतसर में मासिक धर्म पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के अभियान के लिए 'पैडवूमनÓ के रूप में जाना जाता है। कौर ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए एक गैर-लाभकारी संगठन, एसएचई सोसाइटी की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। वह लंबे समय से इकोशी मेंस्ट्रुअल हेल्थ प्रोग्राम की सहयोगी भी रही हैं, जिसका उद्देश्य अमृतसर को महिलाओं के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाना है।
इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान इन्होंने कहा कि लोगों ने पंजाब में बदलाव के लिए वोट किया है। यह अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल का जादू है। मुझे खुशी है कि लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है। उन्होंने दिल्ली मॉडल को अपनाया है। यह आम लोगों की जीत है। मुझे जहां भी जिम्मेदारी दी गई हैए मैंने उसे ले लिया है। मैं एक अच्छा विधायक बनूंगी। मैं अमृतसर पूर्व के लोगों के साथ रहूंगा। हमने कई वादे किए हैं और हमें उन्हें निभाने की जरूरत है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें