मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं उद्धव ठाकरे!

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

मुंबई: महाराष्ट्र में सियासी उठापटक जारी है। शिवसेना अपने विधायकों को एकजुट करने में नाकामयाब होती हुई दिखाई दे रही है। इसके संकेत शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत के बयान से मिल रहे हैं। दरअसल संजय राउत के अनुसार, महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट विधानसभा भंग करने की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच खबर सामने आ रही है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। 

सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उद्धव ठाकरे अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि इससे पहले कैबिनेट की बैठक में इस विषय पर चर्चा हो सकती है। दरअसल, शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे तकरीबन 40 विधायकों के साथ असम के रैडिसन ब्लू होटल में अपना डेरा जमाए हुए हैं। उनके साथ शिवसेना विधायकों के साथ-साथ कुछ निर्दलीय विधायक भी मौजूद हैं।

नेताओं को एकजुट नहीं कर पाई शिवसेना!

शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट विधानसभा भंग करने की ओर बढ़ रहा है। संजय राउत के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। माना जा रहा है कि शिवसेना अपने विधायकों को एकजुट करने में कामयाब नहीं हो पाई है। इसके संकेत इस बात से भी दिखाई दे रहे हैं कि शिवसेना ने जब अपने विधायकों के एक होटल में शिफ्ट किया तो महज 10-12 विधायक ही होटल पहुंचे हैं। 

इसके अलावा बीते दिनों मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जब पार्टी नेताओं और विधायकों की आपात बैठक बुलाई थी तो उसमें महज 20 विधायक ही पहुंचे थे और 35 विधायक नदारद रहे। दरअसलए महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना के 55 विधायक हैं। जिनमें से आधे से ज्यादा विधायक तो उद्धव ठाकरे की बैठक में ही नहीं पहुंचे थे।

क्या उद्धव की लापरवाही की वजह से बिगड़ा सारा खेल? 

शिवसेना के अपने विधायकों के बीच व्याप्त असंतोष को नापने में शिवसेना की विफलता ने पार्टी पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की पकड़ पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवसेना के विधायकों द्वारा दिखाए गए असंतोष ने राज्य के खुफिया विभाग (एसआईडी) की क्षमता पर भी सवालिया निशान खड़ा कर दिया है जिसे महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखने के लिए रखा गया है। लेकिन वो भी महाराष्ट्र सरकार के आसन्न संकट को दूर करने में विफल रहा है।








कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo