डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई के हत्यारों को नहीं बख्शेंगे- मुख्यमंत्री

सरकार माफिया को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

जन संदेश न्यूज नेटवर्क


सरकार माफिया को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़: पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को कुचले जाने की घटना पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने डीएसपी के परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी घोषणा की। 

मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में खनन माफिया को खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। खट्टर ने कहा कि डीएसपी सिंह को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र के पास पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। साथ ही अन्य राज्यों की सीमा पर अतिरिक्त चौकियां भी बनाई जाएंगी।

प्रदेश पुलिस के अनुसार, डीएसपी ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान कुर्बान कर दी और दोषियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हालांकि, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने घटना को लेकर खट्टर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने घटना की न्यायिक जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि खनन माफिया को राज्य सरकार से संरक्षण मिल रहा है। क्या मुख्यमंत्री को नहीं पता कि यमुनानगर से नूंह और मेवात तक खनन माफिया फल-फूल रहे हैं। सरकार मूकदर्शक की तरह काम क्यों कर रही है। कांग्रेस नेता के अनुसार, इस घटना को लेकर हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए और सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

हविस में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि हम बार-बार कह रहे हैं कि राज्य में आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और हाल ही में कई विधायकों को धमकियां भी मिली हैं। ऐसा लगता है कि सरकार अस्तित्वहीन है और कानून का शासन नहीं है। 

पुलिस के अनुसार, सिंह को फौरन पास के एक अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसारए सिंह अपनी टीम के साथ तावडू के निकट पचगांव में अरावली पहाडिय़ों में अवैध पत्थर खनन पर रोकके वास्ते छापे मारने गये थे और करीब 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने ट्रक को देखकर रुकने का इशारा किया था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापे मार रही है।

अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2015 से, प्रतिवर्ष नूंह में अवैध खनन की करीब 50 शिकायतें दर्ज की जाती हैं। उन्होंने बताया कि खनन माफिया के सदस्यों और पुलिस के बीच अक्सर फसाद होता रहा है। हरियाणा पुलिस में डीएसपी सिंह की भर्ती 1994 में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर हुई थी और वह कुछ महीनों में ही सेवानिवृत्त होने वाले थे। हिसार जिले के सारंगपुर गांव के निवासी सुरेंद्र बिश्नोई कुरुक्षेत्र में सपरिवार रह रहे थे।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo