ताऊ देवी लाल को आदर्श मानते हैं जगदीप धनखड़

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

चंडीगढ़: इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल महामहिम जगदीप धनखड़ को उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह देश के लिए सौभाग्य की बात है कि एक किसान पुत्र इतने बड़े संवैधानिक पद पर आसीन होंगे। महामहिम जगदीप धनखड़ को ताऊ देवीलाल राजनीति में लेकर आए थे। उन्होंने ताऊ को अपना आदर्श मानते हुए उनके आशीर्वाद से राजनीतिक पारी शुरू की थी और ताऊ ने ही उन्हें पहली बार केंद्र में मंत्री बनाया था। महामहिम जगदीप धनखड़ ने राजस्थान में जाट समुदाय को ओबीसी में आरक्षण दिलाने में अहम भूमिका निभाते हुए कोर्ट में लड़ाई लड़ी और कामयाब हुए।

अभय चौटाला ने कहा कि महामहिम जगदीप धनखड़ के साथ में उनके स्वर्गीय ताऊ देवीलाल के साथ बने पारिवारिक रिश्ते आज भी कायम हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहते महामहिम धनखड़ पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी की रिहाई के बाद उनके निवास स्थान पर कुशलक्षेम पूछने के लिए आए और जब माता जी का देहांत हुआ तब भी तेजा खेड़ा स्थित निवास पर स्वयं शोक प्रकट करने पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि जगदीप धनखड़ बेहद सरल, मृदभाषी, विनम्र और जमीन से जुड़े हैं और उनके पास कानून विधायी, केंद्रीय मंत्री और गवर्नर जैसे पदों का अनुभव है जो देश के काम आएगा। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वो आज बेहद गौरान्वित महसूस कर रहे हैं कि साधारण किसान के घर में पैदा हुआ व्यक्ति देश का उप-राष्ट्रपति बनेगा।

एचपीएससी और एचएसएससी को तुरंत प्रभाव से भंग किया जाए

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकारी नौकरी देने वाली एजेंसिया भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी हैं जहां नौकरी बेचने का खेल खुलेआम चल रहा है इसलिए एचपीएससी और एचएसएससी को तुरंत प्रभाव से भंग किया जाए। 2020 में लगाए गए क्लर्कों की नौकरी जाने की दोषी सीधे भाजपा गठबंधन सरकार है। माननीय हाई कोर्ट ने एचएसएससी को ‘हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पीडि़त संघ’ की संज्ञा देते हुए कठोर शब्दों में कहा कि एचएसएससी द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया ‘‘असंगत और आकस्मिक दृष्टिकोण’’ है जो कई अन्य विचाराधीन केसों के मुकाबले बहुत बड़ा मामला है। उच्च न्यायालय ने एचएसएससी द्वारा जारी किए गए संशोधित परिणामों पर भी कहा कि इनमें नियमों का उल्लंघन किया गया है। उच्च न्यायालय ने यह भी माना है कि नौकरी से हटाए गए क्लर्कों को उनके चयन का बचाव करने का उचित मौका दिया जाना चाहिए था।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जिन अभ्यार्थियों के जवाब सही थे, एचएसएससी ने उन्हें गलत माना था और गलत रिजल्ट दिया गया। करीब डेढ साल तक नौकरी करने के बाद क्लर्कों को हटाए जाने पर इनके लिए रोजगार का संकट खड़ा हो गया है जिसकी जिम्मेवार पूरी तरह से भाजपा गठबंधन सरकार है। सरकारी नौकरी मिलने के बाद हर कोई सोचता है कि अब उसका भविष्य सुरक्षित हो गया है और वो एक अच्छी जिंदगी जी सकता है। नौकरी मिलने के बाद बहुत से लोगों ने मकान बनाने और अन्य चीजों जैसे कार के लिए कर्ज लिया, कइयों की शादी हो गई और बच्चे भी हो गए, लेकिन अब नौकरी से निकाले जाने के बाद उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है।

उन्होंने कहा कि जनता सरकार इसलिए चुनती है कि सत्ता में आने पर सरकार उन्हें रोजगार देगी लेकिन उसके उलट भाजपा सरकार हरियाणा के युवाओं को नौकरी से हटा रही है और प्रदेश से बाहर के लोगों को नौकरी दे रही है। पूरे प्रकरण से साफ है कि एचएसएससी और सीएम आफिस की मिलीभगत से नौकरियां बेचने का काम किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo