इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी का नए सिरे से किया जाएगा गठन: चौधरी ओम प्रकाश चौटाला

 

इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी को किया भंग

युवा विंग का भी विस्तार गांव, ब्लॉक, हलका, विधान सभा, जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा

आज भाजपा गठबंधन सरकार से पूरे प्रदेश के किसान, कमेरे, छोटे व्यापारी समेत सभी वर्ग दुखी हैं और ऐसे में इनेलो एकमात्र विकल्प है जो इनकी उम्मीदों पर खरा उतरती है

चंडीगढ़ : इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी को भंग कर दिया। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी को पूरे देश में सबसे मज़बूत संगठन वाली पार्टी के रूप में जाना जाता है और इसी मज़बूत संगठन के बलबूते इनेलो ने कई बार प्रदेश में सरकार बनाई है। इनेलो पार्टी के संगठन को और मज़बूत करने के लिए समय-समय पर बदलाव किए जाते रहे हैं। अब नये सिरे से इनेलो पार्टी के संगठन को और अधिक मज़बूत करने के लिए पार्टी की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और नए ऊर्जावान एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को नई कार्यकारिणी में अहम पदों पर जि़म्मेदारी दी जायेगी।

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि पिछले वीरवार एक दिसंबर को बहादुरगढ़ में राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये थे जिसमें सर्वसम्मति से यह फैसला भी लिया गया था कि कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जाए। पिछले महीने युवा प्रकोष्ठ को भी भंग कर दिया गया था और अब युवा विंग का विस्तार गांव, ब्लॉक, हलकाए विधान सभा, जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। युवा कार्यकारिणी में अहम पदों पर नियुक्ति चुनाव द्वारा की जाएगी।
 इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि आज भाजपा गठबंधन सरकार से पूरे प्रदेश के किसान, कमेरे, छोटे व्यापारी समेत सभी वर्ग दुखी हैं और एक ऐसे विकल्प को देख रहे हैं जो इनकी उम्मीदों पर खरा उतर सके और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजग़ार, क़ानून-व्यवस्था और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दे ऐसे में इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो इनके पैमाने पर खरा उतरती है। आने वाला वर्ष 2024 इनेलो पार्टी और करोड़ों प्रदेशवासियों का होगा जब इनेलो सत्ता में होगी और लोकहित के काम करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo