‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जदयू नहीं होगी शामिल यह कांग्रेस का आंतरिक मामला: नीतीश कुमार
पटना: राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को पूरी तरह से कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ‘पदयात्रा’ में शामिल नहीं होगी। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान जदयू के कुछ नेताओं द्वारा यह कहे जाने कि उत्तर प्रदेश में वे कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे, नीतीश के अनुसार, यह उनकी पार्टी का कार्यक्रम है। हर पार्टी को यात्रा करने का अधिकार है।
नीतीश ने कहा कि एकजुट विपक्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा सकता है। जब अपनी पार्टी का कार्यक्रम कर लेंगे तब हम उन लोगों के साथ बैठकर कैसे तालमेल होगा, यह सब तय करेंगे। हालांकि, नीतीश ने हाल ही में यह स्पष्ट किया था कि उन्हें राज्य में अपने सहयोगी कांग्रेस जो राहुल गांधी को विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश कर रही है, के साथ कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा था कि मुझे कोई समस्या नहीं है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाल के बयान के बारे में पूछे जाने कि राहुल 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रधान मंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, नीतीश ने उक्त बातें कही थीं। नीतीश ने यह भी कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं। मैंने इसे फिर से कहता हूं कि मैं स्वयं दावेदार नहीं हूं। बेशक मेरा दृढ़ विश्वास है कि अधिक से अधिक दलों (भाजपा के विरोध में) को एक साथ आना चाहिए और इस तरह का गठित मोर्चा भारी बहुमत हासिल करेगा और लोगों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील सरकार बनाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बिहार आगमन से संबंधित पत्रकारों के प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री कहा कि हर पार्टी को घूमने का अधिकार है। वे अपनी पार्टी की ओर से यहां आए हैं, उससे हमारा कोई लेना.देना नहीं है।
बिहार में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की महागठबंधन पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा से गठबंधन तोड़ कर जनादेश का अपमान किया है। वक्त आने पर प्रजातांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष के इसी बयान पर नीतीश कुमार ने पलटवार किया है। नीतीश ने साफ तौर पर भाजपा पर खुद के लिए काम करने का आरोप लगाया। अपने बयान में उन्होंने कहा कि सभी दलों को यात्रा करने का अधिकार है, वे (बीजेपी) देश के लिए काम नहीं करते हैं, वे अपने लिए काम करते हैं और इसीलिए हमारी पार्टी ने उनसे गठबंधन तोड़ा।
दूसरी ओर बिहार दौरे पर गए जेपी नड्डा ने कहा कि आज हजारों करोड़ रुपये के पुल बिहार में बन रहे हैं, ये बिहार की तस्वीर और तकदीर, दोनों को बदल डालेंगे। ये सब काम शुरू हुए मोदी जी के नेतृत्व में लेकिन अब एक समस्या है, हम ऊपर से तो लक्ष्मी भेज देंगे लेकिन अगर नीचे जंगलराज हो तो काम नहीं हो पाता। विकास थम जाता है। नड्डा ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने जो फैसला लिया वो उनको मुबारक लेकिन उन्होंने बिहार की जनता को धोखा दिया है, जनादेश का अनादर किया है। उनको प्रजातांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया जाएगा। हम कुर्सी पर बैठने के लिए नहीं, बिहार का विकास करने के लिए सत्ता में थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का मजाक उड़ा रहे थे कि देश का प्रधानमंत्री लाल किले से शौचालय की बात कर रहा है। कांग्रेसी इसलिए मजाक उड़ा रहे थे क्योंकि उन्होंने गरीबी देखी ही नहीं थी। आज 12 करोड़ बहनों को नरेंद्र मोदी ने सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में मैंने आगाह किया था तेजस्वी की सरकार आ जाएगी तो जंगलराज आ जाएगा। आज मैं कह सकता हूँ कि बिहार में जंगलराज आ चुका है। अगस्त महीने में ही कितनी हत्याएं हुई। लोग बंधक बनाए गए, महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ गए हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें