शहीद की विधवा को नौकरी देने को मंजूरी

 
जन संदेश न्यूज नेटवर्क

चंडीगढ़: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 2019 में आतंकवादी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के एक जवान की विधवा को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने को हरियाणा मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्रिमंडल ने पुलवामा के शहीद कौशल कुमार रावत की पत्नी ममता रावत को आयु में छूट देकर ग्रुप-डी के पदों पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने के प्रस्ताव को एक असाधारण मामले के रूप में मंजूरी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रावत का परिवार कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश से गुरुग्राम आया था। पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद द्वारा किए गए हमले में सीआरपीएफ के चालीस जवान शहीद हो गए थे।

इधर,  मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र यहां 20 फरवरी से शुरू होगा।  उन्होंने कहा कि सत्र को दो भागों में आयोजित करने का प्रस्ताव किया गया है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, फिर इस पर चर्चा होगी जिसके बाद बजट पेश किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo