इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद से विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला इन दिनों परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हैं। हर रोज औसतन 20 किलोमीटर पैदल चलते हुए जनता के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नाकामियां गिनाने के साथ इनेलो का प्रदेश को लेकर रोडमैप भी बता रहे हैं। इस यात्रा को लेकर प्रदेश के लोगों के मन में कई तरह के सवाल आ रहे हैं, ऐसे ही कुछ सवालों का जवाब वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक अजय दीप लाठर ने चौधरी अभय सिंह चौटाला से जानने का प्रयास किया। पेश हैं बातचीत के कुछ अंश-
प्रश्न: परिवर्तन पदयात्रा और वह भी पैदल, आखिर इसकी जरूरत क्यों पड़ी?
उत्तर: पहले पांच साल बीजेपी और अब साढ़े तीन साल बीजेपी-जेजेपी की सरकार को हो चुके, लोगों ने इस सरकार को नकार दिया है। कुछ लोगों ने स्वार्थ के लिए जनता से धोखा किया। सरकार बनाने के बाद इन्होंने आपस में जो कमेटी बनाई, जो वादे किए थे और कहा था कि आम आदमी की भागीदारी होगी, उन्हें धोखा दिया। गठबंधन सरकार बनने के बाद कोरोना काल, किसान आंदोलन या उसके बाद का दौर, ऐसे निर्णय लिए जिनकी आम आदमी पर मार पड़ी। बजट का, पैसे का मिसयूज किया। कोरोना काल व किसान आंदोलन के दौरान का बजट कहीं खर्च नहीं किया, सिर्फ कागजों में खर्च दिखाया गया। कोई डिपार्टमेंट ऐसा नहीं बचा जिसमें भ्रष्टाचार न बढ़ा हो। हर वर्ग के लोग सरकार के खिलाफ सडक़ों पर आ गए। व्यापारी, कर्मचारी, किसान, सभी के साथ धोखा किया। बजट के खर्च को लेकर मुख्यमंत्री ने भी झूठ बोला। एक उदाहरण देता हूं मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों कहा कि मैंने 1300 करोड़ रुपये पंचायती राज को दे दिए हैं, दो दिन बाद जिला परिषदों के चेयरमैन की मीटिंग ली तो इसमें कहा कि 1100 करोड़ रुपये पंचायतों को दिए हैं। दो दिन में 200 करोड़ का अंतर कैसे हो गया अगर कोई सच में काम करता है तो उसको याद रहता है कि उसने क्या किया। यह 1100 करोड़ रुपये देने की बात भी झूठ थी। किसी भी सरपंच से पूछ लो, क्या उन्हें एक भी रुपया मिला है। हिसार में महाराजा अग्रसैन इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाना भी झूठ है, आज तक वह डोमेस्टिक एयरपोर्ट भी नहीं है। इंडियन एयरलाइंस के लोग यहां बैठेंगे या फिर अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा संचालित कर रही कंपनियां यहां आएंगी, तब यह इंटरनेशनल बनेगा। इस बारे तमाम विज्ञापन भी झूठे ही दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि अब लोगों के बीच नहीं जाएंगे तो फिर लोग कल को हमें इस बात के लिए गालियां देंगे और कोसेंगे कि आप किस बात के लिए विपक्ष हो। आपकी जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि हम तक यह सारी बातें पहुंचाएं। इसलिए हमने फैसला किया कि अब जनता के बीच जाकर बताएं कि कैसे ये प्रदेश को बेच रहे हैं, किस तरह की इनकी निगाहें प्रदेश के खजाने पर हैं। इस बजट में भी मुख्यमंत्री ने बड़ी=बड़ी बातें की। सडक़, अस्पताल, मैडिकल का जिक्र किया। सुशासन, सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य को अपना नारा बताया लेकिन धरातल पर कहीं कुछ नहीं है। कहीं स्टाफ नहीं है। ग्रामीण इलाकों में सडक़ें नहीं गड्ढे हैं। यात्रा को नाम परिवर्तन इसलिए दिया कि लोग परिवर्तन चाहते हैं। हमने बहुत लोगों से नामकरण के बारे में पूछा तो 90 प्रतिशत से अधिक ने परिवर्तन यात्रा नाम सुझाया।
प्रश्न: क्या सडक़ों पर पैदल चलने के लिए यह समय सही है? लगातार गर्मी बढ़ेगी, सडक़ें भी तपेंगी, तपिश बढ़ेगी तो दिक्कतें भी बढ़ेंगी, कैसे चल पाएंगे?
उत्तर: मैं किसान के घर में पैदा हुआ हूं, मैंने खेती करवाई है। मुझे पता है कब कैसा मौसम आता है। मैंने पौ-माह के महीने में खेत में रात को खड़े होकर पानी लगवाया है। ऐन तपती गर्मी में मई-जून के महीने में भी दिन के समय टाइम निकाल कर खेत में पानी लगवाया है। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। कोरोना काल में मैंने खुद कंबाइन से अपने खेत का गेहूं निकाला। मैंने अपने सोरे बाग की बुआई की। अगली फसल भी अपने हाथ से बोई। समय होता है तो आज भी मैं खेत में जाता हूं।
प्रश्न: जनता ने इनेलो को साल 2000 के चुनाव में सत्ता सौंपी थी, 2024 में 24 साल हो जाएंगे। 24 साल बाद इनेलो का सत्ता मिलना कितना संभव लग रहा है?
उत्तर: हमारी सरकार तो पहले भी बन गई थी। सरकार नहीं बनने का कारण भी अजय सिंह है। उस वक्त भी अजय सिंह ने हमारे अपने कुछ उम्मीदवार स्वार्थ के लिए हराए। कांग्रेस और बीजेपी की मदद की। 2019 में फिर हमारा राज बन गया था। बच्चे-बच्चे की जुबान पर था कि राज बन रहा है। उस राज का भी नुकसान करने वाला अजय सिंह ही है। अब लोगों को पता लग गया कि लोगों की नीयत हमेशा चौधरी देवीलाल के ऊपर भरोसे की रही है। लेकिन उस भरोसे को खराब करने वाले ये लोग रहे हैं। अब ये साफ हो जाएंगे और आईएनएलडी जीतेगी और सरकार बनाएगी।
- अजय दीप लाठर, लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें