चरखी दादरी: नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) और नेवल एकेडमी के लिए यूपीएससी (केंद्रीय लोकसेवा आयोग) द्वारा ली गई लिखित परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। लिखित परीक्षा के नतीजों में 538 अभ्यर्थियों ने मैरिट सूची में जगह बनाई है। चरखी दादरी जिले के चंदेनी गांव के रहने वाले अनुराग सांगवान ने देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। अनुराग सांगवान इस परीक्षा के टॉपर बने हैं।
इससे पहले दो भाई-बहन, नव्या सांगवान और मन्नव सांगवान चंदेनी गांव का नाम रोशन कर चुके हैं। नव्या और मन्नव हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान के पोता-पोती हैं। प्रदेश में यह पहला राजनीतिक परिवार है जिसने अपने दोनों बच्चों को देश की सेवा में लगाया है। नव्या और मन्नव के पिता सुनील सांगवान हरियाणा सरकार में जेल अधीक्षक हैं। हाल ही में सुनारियां (रोहतक) जेल अधीक्षक से उनकी बदली करके उन्हें पलवल में जिला ट्रांसपोर्ट ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
नव्या 2021 की पासआउट हैं और आर्मी की मेडिकल कोर में सेवाएं दे रही हैं। इसी तरह से मन्नव सांगवान 2022 के पासआउट हैं और आर्मी द्वारा उनकी पोस्टिंग भी की जा चुकी है। नव्या आर्मी में कैप्टन है तो मन्नव लेफ्टिनेंट। इसी तरह अब अनुराग सांगवान ने चंदेनी गांव को पूरे देश में चमका दिया है। एनडीए टॉपर रहने वाले अनुराग के अलावा हरियाणा के और भी कई युवाओं का चयन एनडीए के लिए हुआ है। यूपीएससी ने एनडीए और नेवल एकेडमी के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 4 सितंबर, 2022 को किया गया। लिखित परीक्षा के नतीजों के बाद इंटरव्यू हुआ और अब आयोग ने फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है।
आयोग ने अपनी वेबसाइट पर भी पूरे नतीजे अपलोड कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर, इस उपलब्धि के बाद चंदेनी गांव में जश्न का माहौल है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें