पलवल: प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में गुणवत्ता जांच प्राधिकरण का गठन किया गया है जोकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करेगा। प्रदेश की 2 करोड़ 84 लाख आबादी मेरा परिवार है और उनकी देखभाल करना मेरा काम है। पिछले आठ वर्षों में हमारी भाजपा सरकार ने प्रदेश में लोगों का जीवन सरल बनाया है।
उन्होंने पलवल जिले में अपने तीन दिवसीय जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप सरकार एक से बढक़र एक कल्याणकारी नीतियां बना रही है ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने गांव चांदहट, बडौली, रसूलपुर, खांबी, हसनपुर और होडल सती तालाब आदि पर लोगों से जन-संवाद कर समस्याओं को सुनकर उनका निवारण किया। उनके साथ पलवल के विधायक एवं भाजपा हरियाणा के प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक मंगला मुख्य रूप से मौजूद रहे। जन-संवाद कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री जन-नायक की भूमिका में नजर आए। मुख्यमंत्री ने गांवों में कुर्सी की बजाय मूड्ढा व खाट पर बैठकर बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार की बुराई को जड़ से समाप्त करने की हमारी सरकार ने जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों से पूछा कि क्या ग्रामीण विकास के लिए ई-टेंडरिंग की व्यवस्था से संतुष्ट हैं तो आसपास के दर्जनों गांवों के सरपंचों ने गांव के विकास के लिए ई-टेंडर व्यवस्था का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मेरिट पर भर्ती से प्रदेश में युवाओं का सिस्टम पर भरोसा बढ़ा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से यह भी पूछा कि नौकरियों के लिए किसी को घूस तो नहीं दी तो युवाओं ने हाथ उठाकर मुख्यमंत्री का समर्थन किया। जिला पलवल में अब तक मौजूदा सरकार में बिना पर्ची-बिना खर्ची के 2 हजार 866 युवाओं को रोजगार दिया गया है।?
उन्होंने जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएं कीं। विधायक दीपक मंगला लोगों द्वारा रखी गई मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने मौके पर ही ज्यादातर मांगों को मंजूर किया गया। उन्होंने चांदहट गांव के विकास के लिए 4 करोड़ 20 लाख रुपए का बजट मंजूर किया। गांव में तीनों जोहड़ों का सौंदर्यीकरण करवाने के अलावा गांव चिरवाड़ी में पंचायत द्वारा दो एकड़ जमीन देने पर व्यायामशाला का निर्माण करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पेलक गांव में मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग पर विचार किया जाएगा।
वहीं मीसा से बड़ोली के मार्ग को 12 फीट से 18 फीट करने के लिए 2 करोड़ रुपए की मंजूरी, कुशक, टीकरी, सरूपा नंगला सहित आधा दर्जन गांवों में एससी कम्युनिटी सेंटर बनाए जाएंगे, गांव बड़ोली में वाल्मीकि चौपाल, बड़ोली की पंचायत को 4 करोड़ का बजट, जिला परिषद के माध्यम से बड़ोली में बस क्यू शेल्टर आदि बनाए जाएंगे। साभार
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें