इनेलो की ओर से दिया समर्थन
सिरसा। पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय में धरने पर बैठे किसानों को इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने अपनी पार्टी की ओर से उन्हें अपना पूरा समर्थन दिया। इस कड़ी में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला सोमवार को पार्टी के अन्य पदाधिकारियों सहित लघु सचिवालय पहुंचे और पिछले लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर हैं मगर न तो शासन और न ही प्रशासन उनकी मांगों के प्रति संवेदनशील है। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि स्वयं को किसान हितैषी कहलाने वाली गठबंधन सरकार के समय में किसान अपनी प्राकृतिक तौर पर खराब हुई नरमे की फसल का पर्याप्त मुआवजा व अन्य कई मांगें पूरा करवाने के लिए बार बार गुहार लगा रहे हैं मगर सरकार पूरी तरह से उनकी मांगों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र की भाजपा व प्रदेश की गठबंधन सरकार का हर मर्तबा यही प्रयास रहा है कि किसी न किसी प्रकार देश प्रदेश के किसानों को कमजोर किया जाए और समूची व्यवस्था पूंजीपतियों के हाथ कर दी जाए मगर इनेलो ने पहले दिन से किसानों के पक्ष में सडक़ों से लेकर विधानसभा तक उनकी आवाज को बुलंद किया है और भविष्य में भी उनके हितों को सदैव तरजीह देगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को हरियाणा विधानसभा में भी पूरी ताकत से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार से उनका चेहरा आमजन के बीच उजागर हुआ है और आने वाले समय में किसान इस सरकार को सत्ता से बेदखल करेंगे। इस मौके पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, अभय सिंह खोड, गंगाराम बजाज, भगवान कोटली व कश्मीर मोमी आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें