विस चुनाव: मालवा से होकर गुजरता है मुख्यमंत्री की कुर्सी का सफर

इनमें लुधियाना, रूपनगर, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का, राजपुरा, मोगा और अजीतगढ़ शामिल हैं

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

चंडीगढ़: विस चुनाव पंजाब की तारीख करीब आ चुकी है। 117 विधानसभा सीटों के लिए 20 तारीख को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और 10 मार्च को चुनाव परिणाम सामने आएंगे जिसमें पता चलेगा कि कौन से दिग्गज ने बाजी मारी और किसे जनता के बीच भरोसा बनाने की अभी और ज्यादा जरूरत है। इससे पहले राजनीतिक दलों को सत्ता तक ले जाने वाले मालवा क्षेत्र की बात करेंगे। यहां पर इस बार बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। 

पिछले विस चुनाव में मालवा क्षेत्र की 69 सीटों में से कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटें जीती थी। कांग्रेस को यहां पर 40 तो ‘आप’ को 18 सीटें मिली थी। ऐसे में इस बार भी दोनों राजनीतिक दलों ने मालवा में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है लेकिन भाजपा गठबंधन, शिरोमणि अकाली दल भी उलटफेर करने की कोशिशों में जुटी हैं।

सूबे की सियासत में मालवा क्षेत्र का अपना महत्वपूर्ण स्थान है क्योंकि 17 में से 15 मुख्यमंत्री मालवा से ही आते हैं और मौजूद मुख्यमंत्री भी यहीं से हैं। इस बार भी तमाम राजनीतिक दलों के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भी इसी क्षेत्र से हैं।

मालवा सतलुज नदी के दक्षिण में एक क्षेत्र है। मालवा क्षेत्र में 11 जिले से आते हैं जिनमें पंजाब का अधिकांश हिस्सा सम्मिलित हो जाता है। इनमें लुधियाना, रूपनगर, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का, राजपुरा, मोगा और अजीतगढ़ शामिल हैं। 

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मालवा क्षेत्र से आते हैं और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान भी लेकिन कांग्रेस अगर नवजोत सिंह सिद्धू पर भरोसा जताती तो जरूर मामला अलग हो सकता था क्योंकि वो माझा से आते हैं। विधानसभा चुनाव से 3 महीने पहले कांग्रेस ने सूबे की सियासत में बड़ा बदलाव करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटा कर चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी थी और कैप्टन अमरिंदर ने फिर अपमानित होकर पार्टी छोड़ दी और खुद की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बना ली और वो भी इसी क्षेत्र से आते हैं।

माना जा रहा है कि इस बार कांग्रेस और ‘आप’ पार्टी के बीच में कांटे का मुकाबला हो सकता है लेकिन दलित वोट बैंक को लुभाने के लिए शिरोमणि अकाली दल ने बसपा के साथ गठबंधन किया है जबकि भाजपा ने अमरिंदर सिंह और शिअद ढींढसा के साथ अपनी रणनीतियां बनाई हैं। 


साभार मीडिया

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo