रद्द हुई कई भर्तियां: लाखों शिक्षित बेरोजगार युवा नौकरी का कर रहे इंतजार: अभय

जन संदेश न्यूज नेटवर्क

रद्द हुई कई भर्तियां: लाखों शिक्षित बेरोजगार युवा नौकरी का कर रहे इंतजार: अभय
File Pic-Abhay Singh Chautala
चंडीगढ़: इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि न्यायालय द्वारा नौकरियों में धांधली के चलते भूपेंद्र हुड्डा और भाजपा के कार्यकाल में हुई अनेकों भर्तियां रद्द की जा चुकी हैं। प्रदेश मेें वर्तमान समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, जन स्वास्थ्य विभाग, रोडवेज और बिजली विभाग में ही स्थाई कर्मियों के करीब 1.5 लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं। पोस्ट ग्रेजुएट, इंजीनियर, डिप्लोमा इंजीनियर, आईटीआई, पैरामेडिकल, जेबीटी, बीएड, एमएड, पीटीआई और लैंगुएज प्रशिक्षण प्राप्त लाखों शिक्षित बेरोजगार युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

 

भाजपा सरकार ने पीजीटी संस्कृत के 626 एवं टीजीटी अंग्रेजी के 1035 पदों के लिए वर्ष 2015 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन धांधली के आरोपों के चलते उसे फरवरी 2021 में रद्द कर दिया गया। जूनियर लेक्चर असिस्टेंट के 61 पदों की वर्ष 2017 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन इस भर्ती को भी धांधली के आरोपों के चलते कोर्ट ने 2021 में रद्द कर दिया। बीते मंगलवार को हाईकोर्ट ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को फटकार लगाते हुए 4858 क्लर्क की भर्ती का परिणाम खारिज कर दिया।

भूपेंद्र हुड्डा सरकार के कार्यकाल में भर्तियों में धांधली के कारण कोर्ट ने कई बार भर्तियां रद्द की थी। 2010 में भर्ती किए गए 1983 पीटीआई, खेल कोटे से भर्ती किए गए 1518 युवा, वर्ष 2013 में गैरकानूनी ढंग से चयन किए गए 13 क्लर्क, चौ देवी लाल विश्वविद्यालय में 2009 में भर्ती किए गए लेब अटेंडेंट को माननीय कोर्ट ने निरस्त कर दिया था। वर्ष 2006 में भर्ती किए 816 आर्ट एंड क्राफ्ट अध्यापकों को 10 साल बाद नौकरी से निकाल दिया गया। जेबीटी, टीजीटी, पीजीटी, असिस्टेंट लेक्चरर की भर्तियों में बड़े पैमाने पर धांधली के चलते आवेदनकर्ता कोर्ट पहुंचे और भर्तियां अटक गई। भाजपा और हुड्डा के कार्यकाल के दौरान भर्तियां करते समय वांछित प्रक्रिया को पूर्ण रूप से अमलीजामा नहीं दिया गया जिसकी वजह से यह मामला न्यायालय में चला गया और प्रदेश का युवा रोजगार से वंचित रह गया।

युवाओं से आत्मघाती कदम न उठाने की अपील

पिछले तीन साल से फौज में भर्ती न निकलने के कारण जिला भिवानी के गांव तालू के युवक पवन द्वारा ओवर ऐज होने पर आत्महत्या किए जाने पर गहरा दुख और संवेदना प्रकट करते हुए अभय ङ्क्षसह चौटाला ने प्रदेश के युवाओं से ऐसा आत्मघाती कदम न उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी के कारण युवाओं में हताशा और निराशा बढ़ती जा रही है और बेरोजगारी युवाओं के लिए अभिशाप बन गई है। कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियां युवाओं को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती हैं जो कभी नहीं चाहती के युवाओं को अच्छी शिक्षा और रोजगार मिले। दोनो पार्टियों की एक ही मानसिकता है कि देश और प्रदेश का युवा बेरोजगार रहे और नौकरी मांगने के बजाय इनका झंडा उठा कर उनके नारे लगाते रहे।

हमने बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया था जिस कारण साजिश के तहत चौधरी ओम प्रकाश चौटाला को दस साल की कैद काटनी पड़ी थी। आज बेरोजगारी चरम पर है और प्रदेश के युवाओं के रोजगार के बारे में सोचने वाला कोई नहीं है। 2024 में इनेलो की सरकार बनते ही पहली कलम से बेरोजगार योग्य युवाओं को रोजगार दिया जाएगा ताकि कोई भी युवा बेरोजगारी से त्रस्त हो कर आत्महत्या जैसा कदम न उठा सके।

भाजपा सरकार को बेरोजगारी का मुद्दा नजरअंदाज करना बहुत महंगा पड़ेगा। फौज में एक लाख 22 हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं। पहले फौज में हर साल 80 हजार से ज्यादा भर्तियां होती थी लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार ने मार्च 2020 से सेना की भर्ती बंद की हुई है जिसको तुरंत बहाल करने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved
made with by templateszoo