जन संदेश न्यूज नेटवर्क
चंडीगढ़: गृह मंत्री अनिल विज ने कुमारी शैलजा को राज्य कांग्रेस इकाई की अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारे का इस्तेमाल करते हुए विपक्षी दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं का उत्तर प्रदेश में नारा देने वाली कांग्रेस कुमारी शैलजा को बर्दाश्त नहीं कर सकी और बेरुखी के साथ उनको उनके पद से हटा दिया गया। यह है कांग्रेस का असली चेहरा जो कांग्रेस में महिलाओं के सम्मान को दर्शाता है। कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने राज्य इकाई में सुधार करते हुए पूर्व विधायक और भूपिंदर सिंह हुड्डा के वफादार उदय भान को सैलजा की जगह अपना प्रमुख नियुक्त किया है। पार्टी ने अपनी हरियाणा इकाई में चार कार्यकारी अध्यक्षों- श्रुति चौधरी, राम किशन गुर्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज और सुरेश गुप्ता को भी नियुक्त किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा को 2019 में राज्य विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें