अगर किसान खुशहाल है तो देश मालामाल है लेकिन अगर किसान कंगाल है तो देश का बुरा हाल है
आदमपुर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि आज हमारे देश और प्रदेश की बुरी हालत है। हमारा देश $कृषि प्रधान देश है और इस देश की अर्थव्यवस्था खेती पर टिकी है। अगर किसान खुशहाल है तो देश मालामाल है लेकिन अगर किसान कंगाल है तो देश का बुरा हाल है। भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के कारण आज हमारे प्रदेश के किसान कंगाल होने के कगार पर हैं और प्रदेश का बुरा हाल है। इनेलो सुप्रीमो ने आदमपुर उप-चुनाव में शुक्रवार को पार्टी उम्मीदवार कुरड़ा राम नंबरदार के लिए प्रचार किया। उन्होंने गांव बीड़ बबरान, ढंढूर, ठसका, दुर्जनपुर, काजला, असरांवा, मोठसरा और महलसरा समेत दर्जनभर गावों में प्रचार किया। इस दौरान सभी गावों में इनेलो सुप्रीमो का जोरदार स्वागत किया गया और लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुटी, खासकर महिलाएं और युवा बेहद उत्साहित और जोश में दिखे।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां दुष्प्रचार करने में माहिर हैं और चुनावों में वोट लेने के लिए झूठे वायदे करती है। वहीं सत्ता में आने के बाद कांग्रेस और भाजपा किसान, मजदूर, छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों समेत आम लोगों के हितों की अनदेखी करती है। आदमपुर उप-चुनाव इस बात का जीता जागता उदाहरण है कि कुलदीप बिश्रोई ने विधायक पद से इस्तीफा न तो किसानों के लिए दिया, न ही गरीब मजदूरों की लड़ाई लड़ने के लिए दिया है उन्होंने इस्तीफा सिर्फ अपने काले धन को बचाने के लिए दिया है। विधायक बनने के बाद कुलदीप बिश्रोई ने कभी आदमपुर के लोगों की सुध तक नहीं ली।
वहीं कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार जय प्रकाश एक मौकापरस्त व्यक्ति है जो हमेशा सिर्फ झूठ बोलता है, अब भी सरेआम झूठ बोल कर वोट मांग रहा है जबकि उसका आदमपुर हलके से दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। जय प्रकाश भी कुलदीप बिश्रोई की तरह चुनाव खत्म होते ही पैसे इक_े करके आदमपुर से गायब हो जाएगा।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो उम्मीदवार कुरड़ा राम नंबरदार आदमपुर से विधायक बनने का असली हकदार है और आदमपुर की जनता के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध है। नंबरदार ने निस्वार्थ किसानों और कमेरों की लड़ाई लड़ी है और वो सभी को विश्वास दिलाते हैं कि विधायक बनने के बाद आदमपुर के विकास के लिए जनता की विधान सभा में पुरजोर आवाज उठाएंगे। उन्होंने अपील की कि यह सही समय है जब आप सभी मिलकर आदमपुर के एक किसान पुत्र को भारी मतों से जिता कर विधान सभा भेजें।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें